दन्तेवाड़ा

राज्योत्सव को बनाएं सफल - कलेक्टर
29-Oct-2025 3:03 PM
राज्योत्सव को बनाएं सफल - कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 29 अक्टूबर। जिला प्रशासन की समय सीमा बैठक संयुक्त जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित की गई। कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, आगामी राज्योत्सव और बस्तर ओलंपिक की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

  बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर नें आगामी राज्योत्सव की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि राज्योत्सव जिले की संस्कृति, परंपरा और उपलब्धियों का गौरवपूर्ण उत्सव है, अत: इसकी तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए।

 इसके बाद उन्होंने बस्तर ओलंपिक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर खेल प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर पर होने वाले बस्तर ओलंपिक में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए तथा खेल मैदानों में स्वास्थ्य विभाग का अमला, पेयजल, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहें।

इसके साथ ही एकता दौड़ के आयोजन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर राजेश पात्रे प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट