दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 11 अक्टूबर। जिला प्रशासन - जिला पुलिस बल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे मेगा बस्तर ओलंपिक की तैयारियां अंतिम चरण में है। इस आयोजन में आगामी माह 25 अक्टूबर से 05 नवम्बर तक विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिताएँ और 5 नवम्बर से 15 नवम्बर तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। इस आयोजन के लिए खिलाडिय़ों का पंजीयन अभियान जारी है। इसमें जिले के युवा, महिलाएँ और पुरुष प्रतिभागी हैं।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के कुशल मार्गदर्शन में जिले के शत-प्रतिशत खिलाडिय़ों का पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पंजीयन की प्रक्रिया 22 सितम्बर से शुरू होकर 20 अक्टूबर तक चलेगी। इस खेल महोत्सव में कुल 11 खेल विधाएँ— एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कबड्डी, खो-खो, व्हॉलीबॉल और रस्साकसी आदि आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी, जिसमें जूनियर वर्ग के तहत 14 से 17 वर्ष के खिलाड़ी तथा सीनियर वर्ग में 17 वर्ष से अधिक आयु के महिला और पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा नें बृहस्पतिवार को अधिकारियों की बैठक लेकर विकासखण्ड स्तरीय आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने खेल मैदानों की तैयारी, खिलाडिय़ों के लिए आवास व्यवस्था, पंजीयन प्रक्रिया और प्रचार-प्रसार को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उनके निर्देशानुसार जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार के परिणामस्वरूप जिलेभर में खिलाडिय़ों का उत्साह चरम पर है।
जिले के चारों विकासखण्डों से कुल 29,255 खिलाडिय़ों ने पंजीयन कराया है। इसमें विकासखण्ड कटेकल्याण से 5,405, कुआकोण्डा से 5,810, गीदम से 9,151 और दंतेवाड़ा से 8,854 खिलाडिय़ों ने विभिन्न खेलों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है।
इस वर्ष के मेंगा बस्तर ओलंपिक का एक विशेष आकर्षण यह है कि इसमें माओवादी प्रभावित क्षेत्रों के दिव्यांग खिलाडिय़ों और आत्मसमर्पित माओवादियों के लिए विशेष प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। इन विशेष वर्गों की प्रतियोगिताएँ सीधे संभाग स्तर पर कराई जाएंगी, जिससे उन्हें बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
आयोजन में विजयी खिलाडिय़ों को प्रमाणपत्र, ट्रॉफी, शील्ड और नगद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। पंजीकरण के लिए खिलाडिय़ों को आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो और बैंक खाता विवरण प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है। इच्छुक खिलाड़ी स्वयं ऑनलाइन लिंक द्धह्लह्लश्चह्य://ह्म्4द्वष्.ष्द्द.द्दश1.द्बठ्ठ/ड्ढड्डह्यह्लड्डह्म्ह्रद्य4द्वश्चद्बष्ह्य2025 के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। इसके अलावा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जनपद पंचायत, नगर पालिका/नगर पंचायत कार्यालयों तथा हाईस्कूल और हायर सेकेण्डरी स्कूलों के व्यायाम शिक्षकों के माध्यम से भी पंजीकरण कराया जा सकता है।-


