दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 24 सितंबर। शारदीय नवरात्रि का पर्व पूरे उत्साह और आस्था के साथ सार्वजनिक श्री श्री नवदुर्गा पूजा समिति सामुदायिक केंद्र (रीक्रिएशन क्लब) बचेली में प्रारंभ हो चुका है। नवरात्र के पहले ही दिन से पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है। आकर्षक पंडाल को कुशल कलाकारों ने भव्य मंदिर का रूप प्रदान किया है, वहीं मां दुर्गा की दिव्य प्रतिमा भक्तों को भक्ति में सराबोर कर रही है।
सोमवार 22 सितंबर को दोपहर 12 बजे विधि-विधानपूर्वक घट स्थापना एवं मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई। इसके बाद प्रतिदिन मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना आरती एवं चंडी पाठ के साथ की जा रही है। पहले दिन मां शैलपुत्री और दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की विधिपूर्वक पूजा संपन्न हुई।
आगामी कार्यक्रमों में अगले 5 दिनों तक विशेष आरती व चंडी पाठ होगा। महाअष्टमी के दिन भव्य पूजन-अर्चना आयोजित किया जाएगा, वहीं महानवमी पर हवन एवं कन्या भोज का भव्य आयोजन समिति द्वारा किया जाएगा।
पूजा-अर्चना के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी श्रृंखला समिति द्वारा रखी गई है। गुरुवार, 25 सितंबर म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता, शुक्रवार, 26 सितंबर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, शनिवार, 27 सितंबर मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता होगी। जिसमे पुरुष, महिलाएं एवं विद्यालयीन बच्चे भाग लेगें। इसके अतिरिक्त प्रतिदिन शाम 7.30 से 9 बजे तक आकर्षक डांडिया नृत्य का आयोजन होगा, जिसमें नगरवासी बढ़-चढक़र हिस्सा लेंगे।
आयोजन के लिए समिति गठित की गई है जिसमें अध्यक्ष एके बंसल, उपाध्यक्ष आनंद पाण्डेय व एन ईश्वर राव, सचिव एमके केसरी, सहसचिव धर्मेन्द्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष नवीन रावत, पंडित केके दुबे सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य आयेाजन में लगे हुए।


