दन्तेवाड़ा

धूमधाम से मनाया बतुकम्मा पर्व
23-Sep-2025 2:35 PM
धूमधाम से मनाया बतुकम्मा पर्व

आंध्रा सांस्कृतिक समिति परिसर में उमड़ा उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली,  23 सितंबर। आंध्रा सांस्कृतिक समिति बचेली के तत्वावधान में शनिवार को ‘बतुकम्मा त्योहार’ का भव्य आयोजन किया गया। तेलुगु भाषी महिलाओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ इस पर्व में बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि लक्ष्मी कोडाली, अध्यक्ष तेजस्विनी महिला समिति विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में समिति के सदस्यगण, महिलाएं तथा बच्चों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी की।

बतुकम्मा पर्व तेलंगाना का प्रमुख लोकपर्व है, जिसे खासतौर पर महिलाएं मनाती हैं। इसमें माता गौरी की पूजा फूलों से सजाए गए आकर्षक पर्वताकार सजावट (बतुकम्मा) के माध्यम से की जाती है। महिलाएं समूह में मिलकर लोकगीत गाती हैं और नृत्य करती हुईं इस पर्व को हर्षोल्लास से मनाती हैं। इस मौके पर महिलाओं ने रंग-बिरंगे फूलों से सजाए गए बतुकम्मा को माता गौरी के चरणों में अर्पित किया और सामूहिक रूप से आराधना की। पूरे कार्यक्रम में भक्ति, आनंद और सांस्कृतिक सौहार्द का अद्भुत संगम देखने को मिला।

 

आंध्रा सांस्कृतिक समिति बचेली द्वारा पहली बार आयोजित किए गए इस पर्व ने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और महिलाओं के चेहरे पर गहरी खुशी देखने को मिली।

समिति ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजन निरंतर जारी रहेंगे, ताकि विविधता में एकता की परंपरा जीवित बनी रहे।


अन्य पोस्ट