दन्तेवाड़ा

खेल प्रतिभाओं को सुविधायुक्त परिसर
21-Aug-2025 10:23 PM
खेल प्रतिभाओं को सुविधायुक्त परिसर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 21अगस्त। जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा नगरी जावंगा को स्पोर्ट्स सिटी के रूप में विकसित करने के मिशन पर कार्य किया जा रहा है। इसके फलस्वरुप खिलाडिय़ों को बेहतर प्रदर्शन करने मंच मिल सकेगा। इसके अलावा वे अपने पसंदीदा खेल में पारगंत होने में भी शुरुआती मदद मिलेगी।

 इस क्रम में जिला प्रशासन द्वारा यहां क्रिकेट स्टेडियम, आर्चरी रेंज, खेल मानकों के अनुसार स्वीमिंग पूल, का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम, स्विमिंग पूल, आर्चरी रेंज (तीरंदाजी) का बुधवार को निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने क्रिकेट स्टेडियम में शेड, पवेलियन, गैलरी, बाउंड्री वॉल निर्माण, स्टेडियम में लाइटिंग व्यवस्था के बारे में आवश्यक निर्देश दिए। तथा इसके पूर्ण होने के मियाद भी निर्धारित की।

इस अवसर पर कलेक्टर ने तीरंदाजी के विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए पूरी लगन से इसे इसमें महारत हासिल करने की समझाइश दी। इस दौरान उन्होंने भी तीरंदाजी के लक्ष्य बोर्ड पर निशाना साधा। मौके पर उन्होंने कहा कि गीदम के जावंगा एजुकेशन सिटी में खेल सुविधाओं को विकसित करने का उद्देश्य यह है कि स्थानीय प्रतिभाओं को प्रारंभिक दौर की सभी खेल सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खेलों के लिए तैयार किया जा सके। इसके अलावा ’’खेलो इडिया खेलो’’ एवं ’’बस्तर ओलोपिंक’’ जैसी स्पर्धाएं भी यहां सफलतापूर्वक आयोजित की जा सकेगीं। पूर्व में भी राज्य एवं राष्ट्रीय खेलों में भी स्थानीय प्रतिभाओं ने उत्साहजनक प्रदर्शन कर जिले का नाम रौशन किया है। इस मौके अपर कलेक्टर राजेश पात्रे प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट