दन्तेवाड़ा

जैविक खेती पर जोर
04-Jul-2025 10:37 PM
जैविक खेती पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 दंतेवाड़ा, 4 जुलाई। जिला प्रशासन द्वारा किसानों को आवश्यक सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने जिले में संचालित बायो इन्पुट रिसोर्स सेंटर एवं बीज भंडारण एवं वितरण केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने जैविक खेती करने वाले किसानों के खेतों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने जैविक खेती को प्रोत्साहित करने तथा किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज एवं जैविक आदान सामग्री सुलभ कराने संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इस क्रम में सीईओ श्री नाहटा ने जैविक आदान सामग्री केंद्र में जीवामृत, हंडी दवा, जैविक उर्वरक आदि की भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जैविक आदान सामग्रियों का अधिक से अधिक किसानों तक वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वितरण प्रक्रिया पूर्णत: पारदर्शी एवं उसका नियमित रिकॉर्ड रखा जाए ताकि किसानों को जैविक खेती की तकनीकी जानकारी व प्रशिक्षण दिया जाए। इससे वे वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकेंगे।

इसके अलावा उन्होंने बीज भंडारण केंद्र में किसानों से सीधे संवाद कर बीज वितरण प्रक्रिया और किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से शून्य ब्याज दर पर नकद व वस्तु ऋण की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने किसानों को इस योजना का लाभ लेने हेतु प्रोत्साहित किया तथा शासन की योजनाओं की जानकारी देते हुए जागरूकता बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान सीईओ ग्राम कुम्हाररास पहुँचे। जहाँ उन्होंने जैविक श्री विधि से धान की खेती कर रहे किसान जोगा राम कश्यप के खेत का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कतार रोपण, जीवामृत और हंडी दवा के उपयोग जैसी जैविक विधियों की जानकारी ली और किसानों के अनुभवों को जाना। उन्होंने किसानों को बताया कि जैविक खेती अपनाकर न केवल खेती की लागत को कम किया जा सकता है, बल्कि उत्पादन में भी वृद्धि की जा सकती है। साथ ही इससे स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।

सीईओ द्वारा कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिया गया कि वे किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। इस दौरान उप संचालक सूरज पंसारी प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट