दन्तेवाड़ा

योग साधना के साथ हरियाली का संकल्प, किया पौधारोपण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 23 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नगर पालिका बड़े बचेली द्वारा मंगल भवन प्रांगण में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रात: 7 बजे आरंभ हुए इस कार्यक्रम में नगर के सैकड़ों नागरिकों ने भाग लिया और योगाचार्यों के मार्गदर्शन में विभिन्न योग आसनों एवं प्राणायाम क्रियाओं का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में अनुभाग्य अधिकारी (राजस्व) कमल किशोर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्ण राव, पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल, पालिका उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेन्दु चक्रवर्ती, पालिका इंजीनियर संतोष नेगी, पार्षदगण तथा नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने इस कार्यक्रम को और गरिमामय बना दिया।
योग सत्र में सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम जैसी क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग से इन क्रियाओं को किया और स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
योग कार्यक्रम के पश्चात मंगल भवन प्रांगण में वृक्षारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। सामूहिक रूप से पौधे रोपकर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी ने इस संकल्प के साथ पौधारोपण किया कि इन पौधों की देखभाल कर नगर को और अधिक हरित और स्वच्छ बनाया जाएगा।
नगर पालिका बड़े बचेली द्वारा किया गया यह संयुक्त आयोजन स्वास्थ्य और पर्यावरण की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में यादगार बना।