दन्तेवाड़ा

ऑपरेशन सिंदूर: सेना के पराक्रम को नमन, निकाली तिरंगा यात्रा
17-May-2025 11:02 PM
ऑपरेशन सिंदूर: सेना के पराक्रम को नमन, निकाली तिरंगा यात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 17 मई। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सैनिकों का सम्मान करने के लिए शनिवार को लौह नगरी बचेली में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सेना के शौर्य और पराक्रम की प्रशंसा की गई।

भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम के सम्मान में आमजन में देशभक्ति व राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से यह यात्रा नगर पालिका कार्यालय से निकली, जो गौरवपथ होते हुए एनएमडीसी प्रवेश द्वार, घड़ी चौक, सब्जी मार्केट, हनुमान मंदिर, पेट्रोल पंप होते हुए बस स्टैंड व पालिका कार्यालय मेंं आकर समाप्त हुआ। इस दौरान देशभक्ति नारों के साथ लोगों में देशभक्ति का जोश व जुनून भर गया। यात्रा मेें शामिल लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिंदुस्तान जिंदाबाद, वंदेमातरम, भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे लगाए।

पालिकाध्यक्ष राजू जायसवाल ने कहा कि भारतीय सेना के बहादुर सैनिकों ने जिस साहस, निष्ठा और अनुशासन के साथ  ऑपरेशन सिंदूर   को अंजाम दिया, वह काबिल ए तारिफ है। पूरे देश में सेना के पराक्रम की चर्चा है। यह यात्रा निकालकर सेना के पराक्रम को प्रणाम किया गया।

उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी ने कहा कि सेना का ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना व देश के स्वाभिमान, शौर्य और नए भारत का संकल्प है। इससे प्रत्येक हिंदुस्तानी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है।

इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णाराव, उपअभियंता संतोष नेगी, पार्षद धन ंिसह नाग, विलासिनी नाग, सलीम रज़ा उस्मानी, बीना साहु, हरीश शर्मा, झिलकी नाग, सावित्री आचार्य, दीपक सरकार, रघुनाथ मरकाम, ओम प्रकाश जैन एवं अन्य आम जन की मौजूदगी रही।


अन्य पोस्ट