दन्तेवाड़ा

दंतेवाड़ा, 1 मई। बस्तर क्षेत्र के सीमावर्ती तेलंगाना एवं अन्य प्रान्तों में प्रवासित परिवारों के पुनर्वास प्रयोजन हेतु सर्वे कार्य हेतु जिला प्रशासन द्वारा समिति गठित की गई है। इसके अन्तर्गत अधिकारी, कर्मचारियों को नोडल बनाया गया है। उपरोक्त टीम में प्रवासित परिवारों के पुनर्वास प्रयोजन हेतु नियुक्त नोडल अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर श्री मूलचंद चोपड़ा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला दंतेवाड़ा क्षेत्र के प्रवासित परिवारों के संबंध में विभिन्न बिन्दुओं में सर्वे कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
गठित टीम द्वारा इस जिले से विस्थापित होकर निकटवर्ती प्रांतों में निवासरत प्रवासित परिवारों की जानकारी निर्धारित प्रपत्र में तैयार करने के साथ-साथ विस्थापित परिवारों से भेंट कर उनके वर्तमान निवास स्थान में उपलब्ध मूलभूत सुविधाएं, रोजगार एवं अन्य संसाधन के संबंध में प्रति परिवार का पृथक-पृथक प्रपत्र में जानकारी तैयार करने।
इस जिले के विस्थापित परिवारों को उनके मूल निवास ग्राम (जिला दक्षिण बस्तर, दंतेवाड़ा) आने के लिए उन्हें शासन की पुनर्वास योजना एवं शासन की अन्य लाभकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए मूल ग्राम वापस आने के लिए प्रेरित करने, विस्थापित परिवारों को उनके मूल निवास ग्राम (जिला दक्षिण बस्तर, दंतेवाड़ा) लाये जाने के लिए एक्शन प्लान तैयार किए जाने, जैसे कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही संपूर्ण सर्वे कार्य का सुव्यवस्थित दस्तावेजीकरण किया जावें साथ ही फोटो एवं वीडियोग्राफी टीम द्वारा की जाएगी।