दन्तेवाड़ा

महिला दिवस पर किया सम्मान
08-Mar-2025 10:50 PM
महिला दिवस पर किया सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दंतेवाड़ा के ग्राम बालू में वृहद आयोजन किया गया। इस दौरान महिला शक्ति को सम्मानित किया गया।

 इस दौरान राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत सदस्य कमला नाग, नगर पालिका अध्यक्ष  पायल गुप्ता, अध्यक्ष सुनीता भास्कर और कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान दंतेश्वरी माँ की छायाचित्र पर दीप जलाकर एवं माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना कर शुरुआत की गई। स्कूली बच्चों के द्वारा स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुतियां दी।

इस अवसर पर जिले के महिला जनप्रतिनिधियों ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि आज का दिन माताओं-बहनों के लिये गौरवान्वित होने का है। सभी लोग मिलकर इस महत्वपूर्ण दिवस को मना रहे हैं। जिससे महिलाओं को समाज में अपनी अहम भूमिका निभाने के लिये प्रेरणा मिलेगी। शासन इस क्षेत्र में विकास को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता हेतु प्राथमिकता के साथ पहल कर रही है।

उन्होंने महिला समूहों की सहभागिता से संचालित सुपोषण अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से माताओं, बच्चों और किशोरी बालिकाओं को कुपोषण से मुक्त होने के साथ ही एनीमिया से भी मुक्ति मिलेगी।

इसके साथ ही इस कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना को जिला प्रशासन की मंशानुरूप आर्थिक निवेश के रूप में बहुउपयोगी बनाने पर भी चर्चा किया गया। वक्ताओं ने अपना मत व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना मुख्यरूप से महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का एक प्रयास है। इसका एक पक्ष यह भी है कि इस आर्थिक लाभ को महिला समूह अपने व्यवसाय आधारित बनाएं, टिकाऊ विकास का स्तंभ तैयार किया जा सके। इसके तहत सम्मेलन में उपस्थित महिलाओं समूहों को 8 परियोजनाओं में विभक्त कर उनसे व्यवसाय विवरण, बाजार विश्लेषण, लाभ और उत्पादित सेवाएं, वित्तीय प्रबंधन जैसे बिंदुओं पर जानकारी ली गई। और अंतत: इन्हीं बिंदुओं के आधार पर जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं के लिए भविष्य की स्वावलंबन संबंधी योजनाओं पर कार्य किया जाएगा। इस तरह कलेक्टर के मार्गदर्शन में बचेली परियोजना के महिलाओं को पशु एवं दुग्ध पालन के लिए प्रथम पुरस्कार के रूप में 10 हजार रूपये, ग्राम बालूद की महिलाओं को मुर्गी पालन हेतु 5 हजार रूपये तथा दंतेवाड़ा परियोजना की महिलाओं को पेपर बैग निर्माण के तहत 3 हजार रूपये का तृतीय पुरस्कार दिया गया।

  महिलाओं को दिए गए प्रशस्ति पत्र

महिला दिवस पर आज शिक्षा, पुलिस, महिला बाल विकास, सहित अन्य विभाग की 50 महिलाओं और बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र अतिथियों द्वारा दिए गए इनमें प्राविण्य सूची में आने वाली एवं स्व सहायता समूह की महिलाएं भी शामिल थी। साथ ही परियोजना स्तर पर अच्छे कार्य करने वाले महिला समूह को दस हजार रूपये के डेमो चेक भी दिया गया। इस क्रम में पुलिस विभाग से जानकारी दी गई कि  महिला सुरक्षा, को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा ’’अभिव्यक्ति एप्प’’ का लांच किया गया है जिसे महिलाएं मोबाइल में डाउनलोड करके पुलिस सुरक्षा की आवश्यकता पडऩे पर सूचित कर सकती है।

 जल संरक्षण का आह्वान

कार्यक्रम में इसके अलावा महिला जन जागरूकता अभियान के संबंध में महिलाओं के भागीदारी पर भी चर्चा किया गया। इसके अन्तर्गत बताया गया कि 1 मार्च से 31 मार्च तक जल उन्मुखीकरण  अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बालूद ग्राम की जागरूक छात्रा अनिता पोडिय़ामी ने बताया कि आज जल जीवन मिशन के  तहत घर-घर में नलों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। जो पूर्व महिलाएं दूर-दूर जाकर घर परिवार के लिए पेयजल की व्यवस्था करती थी। अब घरों में नल लगने से उनकी मेहनत और समय की बचत हो रही है। अत: समुदाय को भी इस तथ्य को समझने की जरूरत है पानी का सही उपयोग कर पानी की सही बचत करें। क्योंकि भविष्य में जल संरक्षण से ही पीढिय़ों को पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा। पानी की बचत ही कल की सुरक्षा है। इसके अलावा घर के उपयोग से बचे हुए पानी को अपने बाडिय़ों में साग - सब्जियों में उपयोग करके पानी का सद्पयोग किया जा सकता है। इस दौरान जल जीवन मिशन के तहत 6 महिलाओं को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया। इस मौके पर जिले के जनप्रतिनिधि सहित महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी वरुण नागेश, कार्यपालन अभियंता निखिल कंवर, पर्यवेक्षिका और बड़ी संख्या में महिला  समूह की महिलाएं प्रमुख रूप से मौजूद थी।


अन्य पोस्ट