दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 1 मार्च। दंतेवाड़ा जिले में जिला पंचायत सदस्य हेतु आम चुनाव के दौरान रोचक संघर्ष देखने को मिला। पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्यों द्वारा चुनाव लड़े गए।
जिला पंचायत दंतेवाड़ा अंतर्गत क्षेत्र क्रमांक-6 हेतु चुनाव विशेष सुर्खियों में रहा। उक्त क्षेत्र हेतु भारतीय जनता पार्टी द्वारा युवा नेता दीपक बाजपेई को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया था। वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा जिला महामंत्री प्रवीण राणा को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया था।
बागी प्रत्याशियों ने दिलाई हार
उक्त चुनाव हेतु परिणाम बेहद चौंकाने वाले रहे। इस चुनाव में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के युवा नेता प्रवीण राणा द्वारा धूल चटाई गई। विपक्ष में रहते हुए भी सत्ताधारी धुरंधरों को को शिकस्त दी। प्रवीण राणा द्वारा 3600 वोट हासिल किए गए।
जिला पंचायत क्षेत्र क्र 6 के चुनाव में बागियों के ताल ठोंकने से भाजपा प्रत्याशी की हार लगभग तय हो गई थी।
भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी दीपक बाजपेई को महज 1100 वोट मिले। वहीं गीदम मंडल अध्यक्ष राजेश कश्यप को 1900 वोट मिले। पूर्व जिला पंचायत सदस्य संगीता नेताम का प्रदर्शन तुलनात्मक दृष्टि से बेहतर रहा। उक्त प्रत्याशी को 2900 वोट मिले। वहीं भाजपा के युवा नेता राहुल दुबे को 2200 वोट मिले। बहरहाल, जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव हेतु बगिया की खिलाफत कितनी भारी पड़ेगी, यह समय के गर्भ में है।