दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 27 जनवरी। गणतंत्र दिवस समारोह जिला मुख्यालय के हाई स्कूल खेल मैदान में रविवार को उत्साह पूर्ण वातावरण में मनाया गया। वन व जिले के प्रभारी मंत्री, दंतेवाड़ा केदार कश्यप ने गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद मुख्य अतिथि ने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी तथा पुलिस अधीक्षक गौरव राय के साथ परेड का निरीक्षण किया।
मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया। उन्होंने गुब्बारें एवं शान्ति के प्रतीक कबूतर आकाश में मुक्त किये। इस दौरान रस्मी परेड में शामिल सशस्त्र बल की टुकडिय़ों ने तीन बार हर्ष सूचक फायर कर राष्ट्रगान की धुन बजाई।
मार्च पास्ट में शामिल टुकडिय़ों में शामिल छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल दन्तेवाड़ा, जिला पुलिस बल दन्तेवाड़ा, जिला महिला पुलिस बल दंतेवाड़ा, नगर सैनिक दन्तेवाड़ा, एनसीसी सीनियर डिवीजन दल के साथ ही आस्था विद्या मंदिर जावंगा की बैंड पार्टी के राष्ट्र धुन पर कदम से कदम मिलाकर आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। तत्पश्चात केदार कश्यप ने मार्च पास्ट के पश्चात परेड कमाण्डरों से परिचय प्राप्त किया।
इस दौरान जिला कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर सत्र न्यायाधीश विजय होता, डीआईजी कमलोचन कश्यप, वनमंडलाधिकारी सागर जाधव, सीईओ जयंत नाहटा, राजेश पात्रे, अर्धसैनिक बलों के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारीगण, गणमान्य नागरिक, महिलाएं और शालेय छात्र-छात्राएं प्रमुख रूप से मौजूद थे।