दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 10 अक्टूबर। दंतेवाड़ा में पुलिस को शातिर चोर को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली।
पुलिस के अनुसार दंतेवाड़ा के सब्सिडरी कैंटीन 9वीं बटा. कारली में विगत 6 - 7 अक्टूबर के दरमियान अज्ञात व्यक्ति द्वारा करीब आठ लाख रुपए की रकम पार कर दी गई। उक्त चोरी की सूचना कैंटीन संचालक गजाधर सविता द्वारा विगत 8 अक्टूबर को गीदम थाने में दी गई।
अपराध की गंभीरता के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। उन्होंने आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के आदेश दिए। अनुविभागीय अधिकारी बारसूर उन्नति ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी गीदम धनंजय सिंहा के नेतृत्व में जांच दल गठित किया गया। पुलिस द्वारा विवेचना आरंभ की गई।
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि आरोपी महेंद्र दीवान द्वारा कैंटीन में चोरी की गई थी। आरोपी दंतेवाड़ा चितालंका का निवासी है। पूर्व में भी चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। पुलिस द्वारा आरोपी की पतासाजी की गई। जिसमें आरोपी की मौजूदगी बस्तर जिला अंतर्गत रायकोट मुर्गा बाजार में हुई।
दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा बस्तर पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। इसमें हाईवे पेट्रोलिंग पार्टी को भी शामिल किया गया। पुलिस की जानकारी मिलते ही आरोपी रायकोट स्थित मुर्गा बाजार से फरार होने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस द्वारा घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी द्वारा कैंटीन से 7 लाख 88 हजार रुपये की चोरी स्वीकार की गई। आरोपी ने बताया कि उसके पास 6 लाख 15 हजार रुपए ही शेष है। पुलिस ने उक्त राशि बरामद कर ली। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे न्यायिक रिमांड में जेल में भेज दिया गया। इस सफलता में गीदम थाना बल और कोड़ेनार थाना दल की सराहनीय भूमिका रही।