दन्तेवाड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 9 सितंबर। दंतेवाड़ा जिले में 24 घंटे से तूफानी बारिश हो रही है। इसके फलस्वरुप सामान्य जनजीवन पर विपरीत असर पड़ा।
उल्लेखनीय है कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का चक्रवात, जो बाद में अवदाब में तब्दील हो गया। इसके फलस्वरूप दंतेवाड़ा में तेज बारिश दर्ज की जा रही है। ज्ञात हो कि विगत रविवार शाम से बारिश शुरू हुई, जो सोमवार को अनवरत् जारी रही।
जिला मुख्यालय के डंकिनी नदी पर स्थित पुराना पुल सोमवार को डूब गया। इसके फलस्वरुप उक्त पुल को आवागमन हेतु बंद करा दिया गया।
छोटे पुल डूबे
जिले की विभिन्न नदियों में बने छोटे पुल पुलियों के पानी से सराबोर होने के समाचार मिले हैं। इनमें गंजेनार - मसेनार मार्ग पर निर्मित छोटे - पुलियों के ऊपर से नदी नदी का पानी बह रहा है। इसी क्रम में दंतेवाड़ा - कटेकल्याण मार्ग में स्थित छोटे पुलियों के डूबने की जानकारी है। कटेकल्याण विकासखंड अंतर्गत ग्राम गाटम स्थित डुमाम नदी का पुल डूब चुका है। इसके फलस्वरुप दंतेवाड़ा कटेकल्याण सडक़ मार्ग बाधित हुआ।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन ने बताया कि दंतेवाड़ा स्थित डंकिनी नदी के पुराने पुल और कटेकल्याण के डुमाम नदी के पुल पर वाहनों की आवा -जाही रोक दी गई है। किसी प्रकार के हादसे को रोकने कड़ी निगरानी की जा रही है।