दन्तेवाड़ा

जिपं अध्यक्ष कांग्रेस जिलाध्यक्ष को हटाए या ना हटाए पर जनता कांग्रेस को हटाएगी ये तय है - चैतराम अटामी
09-Jul-2023 9:22 PM
जिपं अध्यक्ष कांग्रेस जिलाध्यक्ष को हटाए या ना हटाए पर जनता कांग्रेस को हटाएगी ये तय है - चैतराम अटामी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 9 जुलाई।
जिला पंचायत अध्यक्ष तूलिका कर्मा कांग्रेस के अध्यक्ष अवधेश गौतम को हटाने मुहिम चला रही है। इस पर तंज कसते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष चैतराम अटामी ने कहा कि हमने पहले भी कहा है कि कांग्रेस पार्टी में आपसी विवाद है, जो अब सडक़ पर आ गया है, और अब कांग्रेसी नेताओं का झगड़ा दंतेवाड़ा के विकास पर बाधा बन रहा है। दंतेवाड़ा की जनता त्रस्त हो चुकी है।

श्री अटामी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपना घर बचाने में लगी है इधर जनप्रतिनिधि दूर-दूर तक दिखाई नहीं देते विकास कार्य ठप्प पड़े है, सडक़ों की स्थिति बदहाल है। रोजगार के लिये ग्रामीण पलायन कर रहे है और शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई हुई है। 

श्री अटामी ने कहा कि जो विकास कार्यो का भूमिपूजन हुआ है, वो भी अधूरे पड़े है कांग्रेसी नेताओ को जनता की चिंता नहीं अपने वर्चस्व की चिंता है और इसका परिणाम दंतेवाड़ा की जनता को भुगतना पड़ रहा है एवं ऐसा लगता है कि कांग्रेस आलाकमान परिवारवाद के दलदल के आगे नतमस्तक है और उसने दंतेवाड़ा की जनता को उनके हाल पर छोड़ दिया है। 


अन्य पोस्ट