दन्तेवाड़ा

मोदी सरकार में सर्वांगीण विकास- गिरिराज
09-Jun-2023 9:31 PM
मोदी सरकार में सर्वांगीण विकास- गिरिराज

   हितग्राहियों से सुनी योजनाओं की हकीकत   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
दंतेवाड़ा, 9 जून ।
जिला पंचायत के सभागार में आज केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री भारत सरकार गिरिराज सिंह रूबरू हुए। लाभान्वित होने के पश्चात उनके जीवन में आये परिवर्तन को जानना चाहा।

इस मौके पर उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि देश के प्रधानमंत्री के मंशानुरूप चलाई जा रही समस्त जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रमुख उद्देश्य हाशिये में रहे समुदायों के जीवन में आर्थिक सामाजिक परिवर्तन लाना रहा है। यह परिवर्तन आज यहां उपस्थित हितग्राहियों द्वारा साझा किए जा रहे विचारों में झलक रहा है। आज इन्हीं योजनाओं के फलस्वरूप स्व सहायता समूह की महिलाएं घर से बाहर निकलकर अपने पैरों में खड़ी हो रही हैं। युवाजन अपना रोजगार-धंधा स्थापित कर रहें है। वरिष्ठ नागरिकों एवं नि:शक्त जनों को स्वास्थ्य एवं आर्थिक सुरक्षा मिल रही है। किसानों को कृषक सम्मान निधि के तहत लाभ मिला है। उन्होंने हितग्राहियों से आग्रह किया कि अपने साथ-साथ अपने आस पास के अन्य लोगों को भी इन योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें प्रेरित करें। आखिर सभी पक्षों से सक्षम समाज ही समर्थ राष्ट्र की नींव रखता है। इस लक्ष्य को निर्धारित करके हमें आगे बढऩे की आवश्यकता है।

इस अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों ने भी अपने विचार खुलकर रखे इनमें ब्लॉक दंतेवाड़ा की स्व सहायता समूह से जुड़ी महिला नितिका ने बताया कि 2015 से पूर्व एक गृहणी के रूप में थी। परंतु स्व सहायता समूह में जुडऩे के पश्चात ऋण के माध्यम से दुकान खोला है जिसके माध्यम से उन्हें 6 हजार की आय हो जाती है।
 
इसी प्रकार मां दंतेश्वरी संगठन की अनिता एवं सविता ने भी समूह के माध्यम से सेनेटरी नैपकिन के निर्माण से उन्हें हो रही आय के बारे में भी जानकारी दी। इसके अलावा छिंद के पत्तों से गुलदस्ता निर्माण करने वाली रामवती पोडिय़ाम ने भी बताया कि इसके जरिये उन्हें 7 से 8 हजार की मासिक आमदनी हो रही है। मौके पर आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित हितग्राही राधा ठाकुर एवं संजय अग्रवाल ने भी अपनी बीमारियों के नि:शुल्क उपचार में आयुष्मान कार्ड की महती भूमिका को साधुवाद दिया।

रामवती के घर बनेगा शौचालय
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना हितग्राही राम बती ने आवास बनने के पश्चात शौचालय नहीं बनाने की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। इस पर त्वरित कार्यवाही करते हुए मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया।

बैठक में पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत सीईओ ललितादित्य नीलम, अपर कलेक्टर संजय कन्नौजे और एसडीएम कुमार बिश्वरंजन प्रमुख रूप से मौजूद थे। 


अन्य पोस्ट