दन्तेवाड़ा

रेत की अवैध खुदाई व परिवहन, मसेनार व बालूद से गाडिय़ां जब्त
21-Apr-2023 9:49 PM
रेत की अवैध खुदाई व परिवहन, मसेनार व बालूद से गाडिय़ां जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
दंतेवाड़ा, 21 अप्रैल।
  खनिज जांच दल ने जिले के बालूद व मसेनार क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कार्रवाई की। खनिज टीम ने अवैध उत्खनन में अनिल गावड़े व अन्य 6 व्यक्ति को अवैध उत्खनन करते हुए सात वाहन जब्त किये। साथ ही रेत के अवैध परिवहन में संलग्न 6 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया गया। 

अवैध उत्खनन के कुल 7 वाहनों को एवं अवैध परिवहन के कुल 6 वाहनों को बिना वैद्य अभिवहन पास के चालकों द्वारा खनिजों का उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर खनिज मय वाहनों को जब्त किया गया। सभी प्रकरणों में छग गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 सहपठित खान एवं खनिज विकास तथा विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21 (5) के अंतर्गत दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

पूर्व में भी जिले के खनिज ठेकेदारों/खनिज परिवहनकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि बिना वैद्य अभिवहन पास के खनिजों का परिवहन करना दंडनीय अपराध है। अत: अवैध उत्खनन व परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध पुन: इसी प्रकार कृत्य करने पर दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। 

खनिज अधिकारी श्री चेरपा ने बताया कि अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए जिला प्रशासन सतर्क और गंभीर है। खनिज के अवैध उत्खनन और परिवहन पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। उक्त कार्रवाई  में अश्वनी झाड़ी खनि निरीक्षक एवं जिला खनिज जांच दल के कर्मचारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट