दन्तेवाड़ा

पत्नी की हत्या का आरोपी सिपाही जांजगीर से गिरफ्तार
09-Oct-2022 8:39 PM
पत्नी की हत्या का आरोपी सिपाही जांजगीर से गिरफ्तार

घर में फांसी पर लटकी मिली थी लाश, चोट के निशान थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 9 अक्टूबर।
दंतेवाड़ा पुलिस को हत्या के आरोपी आरक्षक को जांजगीर-चांपा से गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि जिला जेल में पदस्थ आरक्षक विजय बंजारे (30 वर्ष) की पत्नी नीलम बंजारे अपने शासकीय आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी में लटकी पाई गई थी। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया गया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले थे।

पुलिस जांच में मृतका को विजय बंजारे द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त करने के प्रमाण भी मिले थे। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की खोजबीन तेज कर दी थी। उक्त वारदात के उपरांत के आरोपी विजय बंजारे फरार हो गया था।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन और अनुविभागीय अधिकारी राहुल उइके के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस की टीम गठित की गई। उक्त टीम जांजगीर-चांपा जिले में आरोपी के निवास ग्राम मुड़पार पुलिस थाना नवागढ़ पहुंची। जहां से आरोपी विजय बंजारे को हिरासत में ले लिया गया। उक्त आरोपी को शनिवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट