दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 2 अगस्त। आजादी के पर्व की रूपरेखा कलेक्टर के मार्गदर्शन में मंगलवार को निर्धारित की गई। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष भी कोविड-19 के मद्देनजर रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन रद्द किया गया है।
कलेक्टर ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह हाई स्कूल ग्राउंड दंतेवाड़ा में गरिमामय पूर्ण रूप से आयोजित किया जायेगा। मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा तथा पुलिस एवं नगर सैनिकों की टुकडिय़ों द्वारा सलामी ली जाएगी। मुख्य अतिथि द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जनता के नाम प्रेषित संदेश का वाचन किया जाएगा।
कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन हेतु संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया। साथ ही तहसील एवं जनपद स्तर पर सार्वजनिक समारोह आयोजित नहीं होंगे। लेकिन जनपद पंचायत कार्यालयों में जनपद पंचायत अध्यक्ष और नगरीय निकायों में नगरीय निकायों के अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत मुख्यालयों में ग्राम सरपंच और बड़े गांवों में गांव के मुखिया राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे और राष्ट्रगान गाया जाएगा। कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से अपने घरों में अनिवार्य रूप से तिरंगा फहरानें की अपील की है।


