दन्तेवाड़ा

मुठभेड़ में ईनामी नक्सली ढेर, मिले घातक हथियार
26-Jul-2022 9:25 PM
मुठभेड़ में ईनामी नक्सली ढेर, मिले घातक हथियार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 26 जुलाई।
दंतेवाड़ा पुलिस ने कटेकल्याण एरिया कमेटी के सदस्य बुधराम मरकाम का शव मंगलवार को बरामद कर लिया। इसके साथ ही घातक हथियार और अन्य सामग्रियां बरामद की गई है।

पुलिस ने मीडिया को बताया कि जिला आरक्षी बल की टीम और नक्सलियों के मध्य सूरनार गांव और नयापारा के जंगलों में मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की गोलीबारी में कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य बुधराम मरकाम (34) ढेर हो गया। मृतक नक्सली लीडर टेटम गांव के पटेल पारा का निवासी था। उसके खिलाफ 19 आपराधिक मामलों में प्रकरण दर्ज किए गए थे।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने जानकारी में बताया कि कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य बुधराम का शव बरामद किया गया। इसके साथ एक देशी कट्टा, 5 किलोग्राम वजन का एक टिफिन बम, टाइगर बम, कोडेक्स वायर, एक चाकू, नक्सली वर्दी और दैनिक उपयोग की सामग्रियां भी बरामद की गई। उन्होंने मुठभेड़ में सफलता हेतु जवानों की सराहना की।

उल्लेखनीय है कि आरक्षी बल के जवान नक्सली उन्मूलन अभियान में निरंतर बड़ी सफलताएं हासिल कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट