दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 9 फरवरी। दंतेवाड़ा में नक्सली उन्मूलन अभियान में पुलिस को मंगलवार को बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस के गश्ती दल ने घातक विस्फोटक सहित चार नक्सलियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक दंतेवाड़ा और सुकमा जिले की सीमा पर स्थित कमारगुड़ा बेस कैंप से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 231वीं वाहिनी के अधिकारियों के नेतृत्व में जवान तलाशी अभियान में निकले थे। इसी दौरान में दुरमा के जंगलों में पुलिस को देख कर कुछ संदिग्ध व्यक्ति छिपने लगे।
पुलिस के जवानों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की घेराबंदी की गई। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ की गई। इनमें डीएकेएमएस सदस्य माड़वी देवा (36) दुरमा, जन मिलिशिया सदस्य मुचाकी नंदा (35) तोलवर्ती, जन मिलिशिया सदस्य मुचाकी सुक्का (35) तोलवर्ती और जन मिलिशिया सदस्य लखमा सोढ़ी (40) सुकमा जिला के गुमड़ी शामिल हंै।
पुलिस द्वारा सघन तलाशी ली जाने पर उक्त नक्सलियों के कब्जे से विध्वंसक सामग्रियां बरामद हुई। इनमें दो टिफिन बम- वजन 3 किलोग्राम, 5 जिलेटिन छड़, 1 वायरलेस सेट और 1 नक्सली वर्दी प्रमुख रूप से शामिल हंै।


