सरगुजा

ट्रक की चपेट में बाइक सवार की मौत
13-Jul-2023 8:00 PM
ट्रक की चपेट में बाइक सवार की मौत

  मुआवजा की मांग को ले घंटों चक्काजाम  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
कुसमी, 13 जुलाई।
राजपुर-कुसमी मुख्य मार्ग पर बुधवार की रात ट्रक की चपेट में बाइक सवार युवककी मौत हो गई। इस हादसे की जानकारी नगर में फैलते ही शव को रखकर गुस्साए स्थानीय लोगों ने रात में ही प्रदर्शन शुरू कर दिया तथा  मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग करने लगे। रात में ही मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अमला द्वारा मृतक के परिजनों को पच्चीस हजार रूपये नगद  राशि देकर सहयोग दी गई। मामले में अज्ञात वाहन व चालक की खोजबीन में पुलिस  रात से ही जुट गई।
इस मामले में एसडीओपी कुसमी रितेश चौधरी ने कहा कि विवेचना जारी है। आस -पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। आरोपी वाहन चालक की पतासाजी की जा रही है। 

चांदो क्षेत्र के ग्राम पंचायत जोधपुर निवासी अजय दुबे पिता इंद्रदेव दुबे (40 वर्ष) किसी काम से कुसमी आए हुए थे। देर रात करीब 10 बजे स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने ढाबा से निकल कर अपनी मोटरसाइकिल से जैसे ही सामरी रोड पर स्थित अपने किराए के मकान में आने के लिए निकले थे। इसी दौरान पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ममता पैकरा के घर के सामने कई महीनों से निर्माणाधीन सडक़ पर सामरी क्षेत्र से बॉक्साइट लोड कर आ रहे ट्रक की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई।

इस दुर्घटना की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों का हुजूम उक्त स्थल पर जुट गया तथा गुस्साए लोगों ने चक्काजाम कर दिया। अज्ञात वाहन को पकड़े जाने, हिंडालको से जारी राशि द्वारा लोक निर्माण विभाग की देखरेख में कई वर्षों से निर्मित बाईपास सडक़ से भारी वाहन ट्रकों व बॉक्साइट ट्रकों का आवागमन चालू किए जाने, वर्षों से राजपुर - कुसमी सडक़ निर्माण में लापरवाही करने वाले विभाग व ठेकेदार पर कार्रवाई किए जाने सहित मृतक के परिजनों को हिंडालको द्वारा मुआवजा व नौकरी दिए जाने की मांग पर अड़ गए। इस बीच करीब ढाई घंटे तक आवागमन बाधित रहा।

जरुरी सेवाएं छोड़ आवागमन किया बाधित

प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, एसडीओपी रितेश चौधरी, तहसीलदार शशिकांत दुबे व वर्तमान थाना प्रभारी एसआई कोमल तिग्गा दल-बल सहित मौके पर पहुंच कर लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने अपील करने लगे। प्रशासनिक अमला के उपस्थिति में ही स्थानीय लोगों ने पुराने टायर को आग के हवाले कर जमकर हंगामा किया और जरूर सेवाओं को छोडक़र बाकि के वाहन को बाधित कर दिया।

कुछ ही देर में मृतक के परिजन पहुंच गए। परिजनों को प्रशासनिक अमला के बीच तहसीलदार द्वारा तात्कालिक सहायता के रूप में पच्चीस हजार रूपये नगद देकर प्रशासन द्वारा अन्य सहयोग दिलाये जाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया गया. जिसके बाद एम्बुलेंस की सहायता से शव को कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मच्र्यूरी में रात भर रखा गया। अगले दिन सुबह पीएम के बाद मृतक के परिजनों को शव सौंप दिया गया। परिजनों के अनुसार मृतक अजय दुबे का पैतृक घर झारखण्ड के गढ़वा के पास गाँव में हैं, जहाँ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

आरोपी गिरफ्त से बाहर 
पुलिस द्वारा दुर्घटना के अगले दिन शाम तक मोटरसाइकिल सवार युवक को ठोकर मारने वाले अज्ञात वाहन को नहीं पकड़ा गया है। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार बॉक्साइट परिवहन में लगे एक ट्रक तेज रफ़्तार से ठोकर मार कर शंकरगढ़ की ओर भाग निकला। 

सूचना पर एसडीओपी कुसमी ने रात में ही उक्त मार्ग के थाना शंकरगढ़ व अन्य थाना में जानकारी देकर चेकिंग करने का निर्देश दिया। बहरहाल कुसमी पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना जारी रखा है।


अन्य पोस्ट