सरगुजा

2 माह से पहाड़ी कोरवाओं को नहीं मिला चावल
11-Jul-2023 7:50 PM
2 माह से पहाड़ी कोरवाओं को नहीं मिला चावल

   जनदर्शन में कलेक्टर से की शिकायत   
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,11 जुलाई।
शहर से लगे ग्राम कांतिप्रकाशपुर के आश्रित ग्राम ठिर्रीकोना (कोरवापारा) में रहने वाले पहाड़ी कोरवा ग्रामीणों को पिछले दो माह से राशन दुकान से चावल ही नहीं मिल रहा है। इस मामले की शिकायत लेकर आज ग्रामीण जनदर्शन में आए थे, जहां उन्होंने मामले की शिकायत कलेक्टर से करते हुए चावल दिलाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार कांतिप्रकाशपुर में राशन दुकान का संचालन पंचायत के सरपंच राजेश एक्का द्वारा किया जाता है। आरोप है कि पंचायत के आश्रित ग्राम ठिर्रीकोना जहां ज्यादातर ग्रामीण पहाड़ी कोरवा समुदाय से हैं, इन लोगों को सरपंच द्वारा विगत दो माह से चावल नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार उनके द्वारा जब सरपंच से इस संबंध में  जानकारी मांगी जाती है तब सरपंच द्वारा यह बताया जाता है कि चावल खत्म हो गया है।

ग्रामीणों ने यह आरोप भी लगाया कि सप्ताह भर पूर्व ही सरपंच द्वारा तुरिया पारा निवासी प्रमिला तुरिया को 12 बोरा राशन दे दिया गया था और जब कोरवापारा के ग्रामीणों ने अपना राशन मांगा तो उन्हें चावल खत्म हो जाने की जानकारी दी।

दो माह से राशन नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों के सामने अब आजीविका का संकट उत्पन्न होता जा रहा है। आज कलेक्ट्रेट में मामले की शिकायत करने आई महिलाओं ने बताया कि राशन के अभाव में उन्हें भूखा ही रहना पड़ जा रहा है तथा बाल बच्चों के लिए पोषण की समस्या खड़ी हो जा रही है।

महिलाओं ने यह भी बताया कि वे लोग कल भी मामले की शिकायत करने के लिए आए थे, परन्तु कल उनकी कलेक्टर से भेंट नहीं हो सकी। आज उन्होंने मामले की शिकायत जनदर्शन में की। जिस पर कलेक्टर ने अधिकारियों को उसपर जांच व कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है।


अन्य पोस्ट