सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,3 अगस्त। प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत इन दिनों सरगुजा दौरे पर हैं। मंत्री अंबिकापुर के सर्किट हाउस में जिले के अधिकारियों की बैठक लेकर 9 अगस्त को होने वाले विश्व आदिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर चर्चा की। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित आदिवासी वर्ग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे, वहीं खाद्य मंत्री ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम के लिए राहुल गांधी को भी न्यौता भेजा गया है और उसी के आधार पर तैयारी भी की जा रही है। यह कार्यक्रम सरगुजा जिले के सीतापुर में आयोजित किया जाएगा।
बीते दिनों आदिवासी छात्र-छात्राओं ने आरक्षण के मुद्दे को लेकर उपमुख्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक टीएस सिंह देव के बंगले का घेराव किया गया था, जिसको लेकर प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि कांग्रेस ने तो आरक्षण विधानसभा में पारित कर दिया है। अगर लोगों को घेराव करना है तो राज्यपाल भवन का घेराव करें या भाजपा कार्यालय का घेराव करें। हम तो अपनी तरफ से पारित कर दिए हैं, हम तो राज्यपाल का हस्ताक्षर तो कर नहीं सकते हैं।
भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का असली चेहरा और काम देखना है तो मणिपुर में जाकर देखना चाहिए। मणिपुर जल रहा है, जहां महिलाओं को बच्चों को नग्न कर दौड़ाया जा रहा है। वहां के लोग सडक़ पर राहत कैंप में रात गुजारने को मजबूर हैं और वहां के मुख्यमंत्री लोगों को सुरक्षा की गारंटी देते हुए नजर आ रहे हैं।