सरगुजा

महिला वकील के घर से लाखों के जेवर व नगदी चोरी
03-Aug-2023 9:22 PM
महिला वकील के घर से लाखों के जेवर व नगदी चोरी

नौकरानी व उसके पति के विरुद्ध अपराध दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 3 अगस्त।
महिला अधिवक्ता के घर से करीब 5 लाख के आभूषण व 20 हजार नगद चोरी कर भागने का शक जताते हुए महिला अधिवक्ता ने इसकी शिकायत कोतवाली में दर्ज कराई है।

केदारपुर में भठ्ठी रोड निवासी अधिवक्ता सलमा रिजवी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके घर में काम करने वाली नौकरानी और उसका पति 26 जुलाई को दो दिन के लिए गांव जाने की बात कहकर निकले थे, परन्तु इसके बाद से वे वापस नहीं लौटे तथा उनसे संपर्क भी नहीं हो पा रहा है, वहीं 1 अगस्त को जब अधिवक्ता ने अपने कमरे की अलमारी खोली तो अलमारी का लॉकर खुला हुआ था और उसमें रखा 20 हजार रूपये नगद, तीन तोले का एक सोने का हार, एक तोले का सोने का चैन, 8 ग्राम का सोने का एक लाकेट, डेढ तोले का एक जोड़ी झूमका व कान का 8 ग्राम एक टप्स गायब था, वहीं लॉकर में टूटी हुई चाबी लगी हुई थी।

महिला अधिवक्ता को आशंका है कि उनके घर पर काम करने वाली नौकरानी व उसके पति द्वारा ही घर से सामानों की चोरी की गई है। 

घर से पांच लाख बीस हजार की चोरी की सूचना अधिवक्ता ने थाने में दी। जिस पर पुलिस ने नौकरानी व उसके पति पर अपराध दर्ज कर लिया है।


अन्य पोस्ट