‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिश्रामपुर, 6 अक्टूबर। बिश्रामपुर क्षेत्र की विभिन्न खदानों में कार्यरत करीब 700 ठेका श्रमिकों ने सोमवार को अपनी मांगों और अधिकारों को लेकर एटक के नेतृत्व में ग्राम पौड़ी से मोटरसाइकिल रैली निकाली। एटक के क्षेत्रीय सचिव पंकज गर्ग, राकेश द्विवेदी, सलमान खान, वीसी जैन सहित अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में निकली रैली में बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए। नारेबाजी करते हुए श्रमिक बिश्रामपुर महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे, जहां रैली आमसभा में तब्दील हो गई।
आमसभा को संबोधित करते हुए एसकेएमएस एटक के महासचिव का. अजय विश्वकर्मा ने कहा कि एक मई, खनिक दिवस के अवसर पर एसईसीएल के सीएमडी ने ठेका श्रमिकों के हित में कई घोषणाएं की थीं, लेकिन क्षेत्र में अब तक उनका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि ठेका श्रमिकों को परिचय पत्र, एचपीसी के अनुसार निर्धारित तिथि पर वेतन भुगतान, मेडिकल कार्ड व परिवार को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा, कॉर्पोरेट बैंक में खाता, एसईसीएल संचालित स्कूलों में श्रमिकों के बच्चों के प्रवेश तथा आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की घोषणाओं को तत्काल लागू किया जाना चाहिए।
उन्होंने ठेका श्रमिकों के लिए समान ड्रेस कोड लागू करने की मांग करते हुए कहा कि नियमित कर्मचारियों की तरह ठेका श्रमिकों को भी वर्ष में दो बार निर्धारित ड्रेस उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि ठेका श्रमिकों की मेहनत और योगदान से बिश्रामपुर क्षेत्र ने इस वर्ष 88 करोड़ रुपए का लाभ अर्जित किया है, लेकिन इसके बावजूद श्रमिकों की समस्याओं और शोषण में कमी नहीं आई है।
एसकेएमएस एटक के केंद्रीय अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि ठेका श्रमिकों को नियमानुसार एचपीसी वेतन, पूर्ण बोनस व पीएलआई तथा लंबित बकाया राशि का भुगतान किया जाना चाहिए। साथ ही सीएमपीएफ/ईपीएफ में जमा राशि और उससे संबंधित पूरी जानकारी श्रमिकों को उपलब्ध कराने की मांग की।
पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता नरेश राजवाड़े ने खदान क्षेत्रों के आसपास के स्थानीय युवाओं की नियुक्ति के नाम पर कथित रूप से पैसे लिए जाने की शिकायतों को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं और ठेका श्रमिकों के आर्थिक शोषण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण राजवाड़े ने प्रत्येक ठेका श्रमिक को हर माह की 7 तारीख तक बैंक खाते में वेतन भुगतान, प्रतिमाह 26 दिन का काम और सभी वैधानिक छुट्टियों का लाभ देने की मांग की। उन्होंने खदानों में सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन, पर्याप्त सुरक्षा उपकरण, चिकित्सा सुविधा और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सभा को एसकेएमएस एटक के उपाध्यक्ष रावेन्द्र शुक्ला, उपमहासचिव राजेश शर्मा, भटगांव सचिव मनोज पांडे सहित अन्य श्रमिक नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा उपकरण, दुर्घटनाओं की पारदर्शी रिपोर्टिंग, चिकित्सा सुविधा, कॉर्पोरेट बीमा और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
अंत में एटक ने प्रबंधन को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए मांगों का समयबद्ध निराकरण करने की चेतावनी दी। नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर क्रमिक भूख हड़ताल और कामबंद हड़ताल जैसे आंदोलन किए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। कार्यक्रम में एटक के सैकड़ों कार्यकर्ता और ठेका श्रमिक उपस्थित रहे।