‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 दिसंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार रात मेडिकल कॉलेज में आयोजित कायाकल्प राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह में स्वास्थ्य योद्धाओं, टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया।और चिकित्सकीय संवर्ग के नवनियुक्त स्वास्थ्य कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जब प्रदेश का प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ होगा तभी हम विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त कर पाएंगे। उन्होंने प्रदेश में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक 11 लाख से अधिक लोगों के स्क्रीनिंग के लिए स्वास्थ्य अमले को बधाई दी।
हम लगातार छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य अधोसंरचना को बेहतर करने काम कर रहे हैं। आंबेडकर हास्पिटल में हम 700 बिस्तर अस्पताल भवन तैयार कर रहे हैं। इसके बाद यहां की क्षमता दो हजार मरीजों की हो जाएगी।छत्तीसगढ़ में मेडिकल कालेजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। हाल ही में हमने चार मेडिकल कालेजों के भवन निर्माण की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। हमारे हिंदी मीडियम के और ग्रामीण परिवेश के विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा में किसी तरह की दिक्कत न आये, इसके लिए हम हिंदी माध्यम में मेडिकल की शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं। मेडिकल कालेजों में पीजी की सीटें भी बढ़ाई गई हैं ताकि विशेषज्ञ डाक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी संबोधित किया । इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, गुरु खुशवंत साहेब, अनुज शर्मा उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023-24 के कायाकल्प स्वच्छ अस्पताल योजना राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह में जिला अस्पताल श्रेणी में प्रथम स्थान जिला अस्पताल बेमेतरा, द्वितीय कोण्डागांव और कंसिस्टेंसी पुरस्कार जगदलपुर को दिया गया। इसी प्रकार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र श्रेणी में प्रथम स्थान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र दुलदुला जशपुर, द्वितीय स्थान पंडरिया और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र श्रेणी में प्रथम स्थान राजातलाब रायपुर, द्वितीय स्थान राजकिशोरनगर बिलासपुर को मिला।
इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र श्रेणी में प्रथम स्थान संयुक्त रूप से बागोडार कांकेर, राहोद जांजगीर चांपा, कुसमी बेमेतरा, खोरपा रायपुर बटईकेला सरगुजा को दिया गया। उप स्वास्थ्य केन्द्र श्रेणी में प्रथम स्थान संयुक्त रूप से तुमनार बीजापुर, मांगरी सरगुजा, कटीया रायपुर, अहेरी दुर्ग और मी_ुनवागांव बिलासपुर को मिला है।
साय ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 स्वास्थ्य योद्धाओं टीबी से मुक्त हुए ग्राम पंचायतों को भी सम्मानित किया।