रायपुर
रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 दिसंबर। शास. पं. श्यामाचरण शुक्ल महाविद्यालय धरसींवा में सोमवार को राष्ट्रीय गणित दिवस 2024 का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं का विषय वस्तु दैनिक जीवन में गणित पर आधारित था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं श्रीनिवास रामानुजनजी को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य गणित की प्राध्यापक डॉ. पुष्पा कौशिक ने महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजनजी के जीवन एवं गणित के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्होंने दैनिक जीवन में गणित की उपयोगिता एवं इस दिवस को मनाए जाने के औचित्य पर विशेष चर्चा की।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. निधि देवांगन ने रामानुजनजी द्वारा दिए गए प्रमेय एवं गणितीय सूत्रों की जानकारी दी। वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. कौशल किशोर ने सभी को राष्ट्रीय गणित दिवस की शुभकामनाएँ दी।
कार्यक्रम में डॉ. जी. नाग भार्गवी, डॉ. सुनीता दुबे, डॉ. स्वाति शर्मा, डॉ.रश्मि कुजूर, श्रीमती शीतल वर्मा, कु. दीक्षा साहू, कन्हैयालाल, गरिमा देवांगन, नोना धीवर सहित समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।