50 करोड़ ठगी की आशंका, 67 मोबाईल , 18 लैपटाप, 28 कम्प्यूटर, 3 वाईफाई राउटर कुल कीमत 16.53 लाख जब्त
साफ सुथरी अमेरिकन इंग्लिश बोलकर तरीका बताते दोनों सुपरवाइजर रोहित यादव और सौरभ राजपूत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मार्च।अंतर्राष्ट्रीय साईबर ठगी करने वाले तीन अवैध कॉल सेंटर और इसके गिरोह का खुलासा किया है इंटेलिजेंस बेस्ड ऑपेरशन में कॉल सेंटर पर रायपुर कमिश्नरेट यह कार्रवाई की है। इसके सुपरवाईजर सहित कुल 42 गिरफ़्तार किए गए हैं। इनके द्वारा 50 करोड़ की ठगी की आशंका पुलिस ने जताई है।
उनसे 67 मोबाईल फोन, 18 लैपटाप, 28 कम्प्यूटर सेट एवं 03 वाईफाई एयरटेल राउटर कुल कीमत 16.53 लाख रूपए जब्त किए गए हैं। इनके विरुद्ध धारा 61(2), 112(2), 316(2), 318(4), 319(2), 336(3), 337, 338, 340(2) बी.एन.एस एवं 66(सी), 66 (डी) आई.टी. एक्ट दर्ज किया गया है।
इनसे पूछताछ में प्राप्त जानकारी के अनुसार विदेशों में जो बैंक है वे छोटी रकम की शिकायत या चेक लगने पर तुरंत रकम खाता धारक के खाता में डाल देते है। 48 घंटे के बाद जांच करते है, जांच उपरांत धोखाधड़ी ज्ञात होने पर खाता धारक से रकम वापस ले लेते है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर आरोपियों द्वारा कॉल सेंटर संचालित कर विदेशों में ठगी की जा रही थी।
ऐसे करते थे वारदात
तीनों कॉल सेंटर में 03 सुपरवाईजर थे, रोहित यादव, गौरव यादव एवं सौरभ सिंह कॉल सेंटर का संचालन करते है, प्रत्येक कॉल सेंटर में कर्मचारियों की नियुक्ति होती है, जिनको 15,000/- रूपये मासिक वेतन एवं कमीशन पर रखा जाता है। कर्मचारी यूएसए. में कॉल करते है और बैंक लोन/सिबील सुधार/फ्रॉड ट्रांजक्शन के लिये कॉल करते है और इन सभी सुधार कार्य हेतु कंपनी द्वारा बैंक में रकम जमा करना बताते हैं, उक्त रकम को वापस गिफ्ट कार्ड के माध्यम से भारतीय मुद्रा में बदलकर विदेशी नागरिकों से ठगी करते है। सुपरवाईजरों को इसके लिये 30,000/- रूपये मासिक वेतन और ठगी हुई मुद्रा का 02 प्रतिशत कमीशन प्राप्त होता है।
प्रथम चरण (डेटा प्राप्त कर कॉल करना) - कॉलिंग ग्रुप - सर्वप्रथम कंपनी के कर्मचारियों द्वारा व्हाट्सएप/टेलीग्राम मेल ग्रुप के माध्यम से अमेरिका में बैंकों में लोन एप्लाई करने वाले व्यक्तियों का डेटा प्राप्त कर उन्हें लोन लेने के लिये कॉलिंग एप के माध्यम से विदेशों में कॉल किया जाता था, जो बाते बोलनी थी वह अंग्रेजी में स्क्रीन में लिखी रहती थी। जैसे ही व्यक्ति लोन लेने के लिये तैयार होता था वहां से इनकी योजना शुरू होती थी।
द्वितीय चरण (लोन प्राप्त करने वाले व्यक्ति को सिबील खराब होने और सुधारने का आश्वासन देना
डिपॉजिट ग्रुप - इस चरण में जैसे ही व्यक्ति लोन के लिये बात करता उससे बैंक अकाउंट का संपूर्ण डिटेल लेकर अपने कंपनी के ग्रुप में कॉल सेंटर के कर्मचारी डाल देते थे, ग्रुप के अन्य व्यक्ति डेटा चेक कर लोन प्राप्त करने वाले व्यक्ति को उसकी डिटेल बताते थे और सिबील सुधारने का आश्वासन देते थे और कुछ देर बाद वापस कॉल करने बोलते थे। व्यक्ति से प्राप्त डेटा को कंपनी का सुपरवाईजर अपने उपर के अहमदाबाद में बैठे मास्टर माइंड द्वारा बनाये गये व्हाट्सएप ग्रुप में भेज देता था जिसमें विदेशों से भी जुड़े कुछ लोग शामिल रहते थे।
तृतीय चरण (फर्जी चेक तैयार कर बैंकों में लगाना)
टेक्निकल ग्रुप - जैसे ही डिपॉजिट ग्रुप में व्यक्ति के खाता की जानकारी आते थे, टेक्निकल ग्रुप का काम प्रारंभ होता था। यह ग्रुप व्यक्ति के खाता की जानकारी लेकर एक क्लोन्ड चेक तैयार करता था और व्यक्ति के खाता में लगाता था। जैसे ही बैंक को चेक मिलता था वह राशि छोटी होने के कारण तुरंत व्यक्ति के खाता में उक्त राशि बैंक द्वारा डाल दिया जाता था। अब रकम व्यक्ति के खाता मे आ गया। यह ग्रुप प्राप्त जानकारी के अनुसार चाईना में बैठकर उक्त कार्य करता है जिसके लिये ठगी गई रकम का 10 प्रतिशत कमीशन लेता है।
चतुर्थ चरण (पुन: कॉल कर खाता धारक को बताना कि हमारी कंपनी ने आपके खाता में पैसा डालकर आपका सिबील सुधार दिया है) - (कॉलिंग ग्रुप) - जैसे ही रकम खाता धारक के खाता में आती थी कॉलिंग ग्रुप फिर एक्टिव होता है और खाता धारक को कॉल कर बोलता है हमने आपका सिबील सुधार दिया है, आपके खाते में सिबील सुधारने के लिये हमने बैंक से बात करके आपके खाते में उदाहरण 100 डॉलर डाल दिये है, कृपया चेक करके बताये। व्यक्ति चेक करने के बाद पुन: कॉलिंग गु्रप के कर्मचारियों को बताता था कि मेरे खाता में 100 डॉलर आ गये है। अब कॉलिंग ग्रुप खाता धारक को बोलता है कि हमारी कंपनी ने पैसा डाला है आपका सिबील सुधर गया है। हमारी कंपनी का पैसा वापस कर दीजिये देने का तरीका गिफ्ट व्हाउचर होगा, खाता धारक खुशी से तैयार हो जाता है।
पंचम चरण (विभिन्न गिफ्ट कार्ड जैसे (उदाहरणत:) एप्पल, गुगल, क्राफिन, एमेजान व अन्य को रूपये में बदलना)
‘‘रिडम ग्रुप‘‘ - जैसे ही खाता धारक गिफ्ट कार्ड खरीदकर कॉल सेंटर वाले ग्रुप को व्हाट्सएप करता था, सुपरवाईजर का काम पुन: इस डिटेल को ‘‘रिडम ग्रुप‘‘ पर डाल देता है। यह ग्रुप खाता धारक से पूरी जानकारी जैसे कोड, पासवर्ड, कार्ड नंबर, ओटीपी सहित अन्य लेकर विभिन्न वेब साईट के माध्यम से उक्त कार्ड को नगद में तब्दील कर देते है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह ग्रुप भी भारत के बड़े राज्यों एवं विदेशों जैसे चाईना में बैठकर कार्य कर रहा है।
अंतिम चरण (हवाला के माध्यम से मालिक तक पैसा पहुंचाना) -
‘‘भुगतान ‘‘ - जैसे ही रिडम ग्रुप पैसे प्राप्त कर लेता है। प्राप्त रकम हवाला के माध्यम से भारत में इस गिरोह के अहमदाबाद में बैठे मास्टर माइंड तक पहुंच जाता है। रकम की जानकारी केवल मालिक और रिडम ग्रुप तक रहती है, मालिक द्वारा ओके करने पर सुपरवाईजर द्वारा कॉल सेंटर में कॉल कट कर दिया जाता है।
पुलिस को बुधवार को सूचना मिली थी कि कि गंज सुभाष नगर स्थित पिथालिया काम्प्लेक्स के द्वितीय तल एवं तृतीय तल में कुछ लोगों के द्वारा अवैध रूप से कॉल सेंटर संचालित कर लोगों के साथ ठगी किया जा रहा है। इस एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने पिथालिया कॉम्प्लेक्स में दबिश दी गई। कार्यवाही को प्रभावी बनाने हेतु टीम को दो भागों में विभाजित कर द्वितीय एवं तृतीय तल पर एक साथ रेड कार्यवाही की गई। रेड के दौरान दोनों तल के कमरों में कई व्यक्तियों को कम्प्यूटर एवं लैपटॉप पर कार्य करते हुए पाया गया। मौके पर उपस्थित सभी व्यक्तियों को उनके स्थान पर यथावत बैठने हेतु निर्देशित किया गया तथा प्रत्येक सिस्टम (कम्प्यूटर/लैपटॉप) की पृथक-पृथक जांच की गई। जांच के दौरान विभिन्न प्रकार के लोन से संबंधित दस्तावेज, स्क्रिप्ट, तथा फर्जी अरेस्ट वारंट तैयार अवस्था में पाए गए, जिनका उपयोग पीडि़तों को भ्रमित एवं भयभीत किया जा रहा था। पूछताछ में बताया कि गुजरात निवासी अन्य मुख्य मास्टर माइंड संचालकों द्वारा उन्हें नौकरी पर रखकर रायपुर के पिथालिया काम्पलेक्स सहित न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्रांतर्गत रिंग रोड नंबर 01 स्थित अंजनी टॉवर के द्वितीय तल में भी अन्य लोगों के माध्यम से अवैध कॉल सेंटर संचालित कराया जा रहा है।
इस पर न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस ने क्षेत्र के अंजनी टॉवर के द्वितीय तल में दबिश दी गई। जहां उक्त तरीका वारदात के आधार पर आरोपियों द्वारा कम्प्यूटर एवं लैपटॉप में विभिन्न प्रकार के लोन से संबंधित दस्तावेज, स्क्रिप्ट, तथा फर्जी अरेस्ट वारंट तैयार कर पीडि़तों को भ्रमित एवं भयभीत किया जा रहा था।
इन कॉल सेंटरों के माध्यम से आरोपी इंटरनेट कॉलिंग सिस्टम, हेडसेट एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग कर विदेशी (विशेषकर यू.एस. आधारित) नागरिकों से संपर्क करते थे। उन्हें कम ब्याज दर पर आसान लोन उपलब्ध कराने का झूठा प्रलोभन दिया जाता था तथा उनकी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी प्राप्त की जाती थी। आरोपी प्राप्त जानकारी का दुरुपयोग कर विभिन्न प्रकार के शुल्क जैसे प्रोसेसिंग फीस, टैक्स, बीमा आदि के नाम पर धोखाधड़ी कर धनराशि प्राप्त की जाती थी। इसके अतिरिक्त, पीडि़तों को ‘‘डिजिटल अरेस्ट‘‘ का भय दिखाकर तथा फर्जी अरेस्ट वारंट जारी कर मानसिक दबाव बनाया जाता था, जिससे वे शीघ्र भुगतान करने के लिए बाध्य हो जाते थे।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे उक्त गतिविधियों के अवैध होने से भली-भांति परिचित थे, तथापि अधिक धन अर्जित करने के लालच में संगठित रूप से इस आपराधिक कृत्य में संलिप्त रहे। उन्हें इस कार्य के एवज में नियमित वेतन के साथ-साथ अतिरिक्त प्रोत्साहन (इन्सेंटिव) भी दिया जाता था, जो ठगी गई राशि पर आधारित होता था। आरोपियों द्वारा सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र के अंतर्गत कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था।
आरोपियों के नाम-
अनिल कुमार यादव ऊर्फ रोहित यादव 28 चिराग ईशनपुर अहमदाबाद गुजरात, सौरभ राजपुत, अभिषेक शर्मा, रोहित शर्मा, सोनू कुमार भारती ,राहुल प्रजापति मयुर खडपे , नितेश गुरूंग, अजय चौधरी , आदित्य कुमार, निखिल क्षत्रिय चुन्ना पटेल, मोहम्मद, विष्णु कुशवार, ऋ भ राज , दिनेश लालवानी , अनिकेत दुबे ,काजल आचार्य, ओम कोढवले, राजेन्द्र सिंह, शाह अमन, राज द्विवेदी, शिवम पांडे पिता दिलीप पांड, रिषभ यादव, करन परमार ,अमन पांडे , रोहित कुमार चंचल , देवेश द्विवेदी, गिरफ्तार आरोपी न्यू राजेन्द्र नगर के प्रकरण में गौरव यादव, अभिषेक राजपूत, अमरेन्द्र राजपूत, गुरप्रीत सिंग, मनीष ,प्रताप सिंग, अजय सिंग राजपूत, राकेश राजभर, उत्तम दुबे।