मोदी की गारंटी में धोखा देने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 सितंबर। केंद्र सरकार की वादा खिलाफी व अन्य विषयों को लेकर गुरुवार को जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने गंभीर मुद्दों को लेकर सवाल दागे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विफलताओं, मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल में गोधरा नरसंहार, मोदी की गारंटी में छत्तीसगढ़ से धोखा देने का आरोप लगाया। इसके साथ ही कांग्रेसियों ने 43 प्रश्नों को लेकर सवाल दागे।
गुरुवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने पत्रकारवार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन सेवा संकल्प के बजाय बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादा खिलाफी दिवस, किसान धोखा दिवस के रूप में मनाएं। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा द्वारा मोदी के जन्मदिन और सत्ताधीश के रूप में उनके 25 वर्ष को सेवा और समर्पण के रूप में मनाया जाना देश का सबसे बड़ा झूठ है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल विवादों और असफलता से भरे रहे हैं। मोदी के कर्यकाल को सेवा जतन के रूप में मनाना भाजपा का जनता से क्रूर मजाक है। भाजपा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन सेवा संकल्प के बजाय बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस, किसान दगा दिवस, अनुचित नोटबंदी दिवस, अव्यवहारिक जीएसटी दिवस, जुमला दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए।
कांग्रेसियों ने गिनाई विफलताएं
कांग्रेसियों ने मोदी की विफलताएं गिनाते कहा कि वादा किए थे 100 दिन में महंगाई कम होगा, नहीं हुआ। हर साल 2 करोड़ रोजगार मिलेगा, नहीं मिला। हर घर तक नल, हर सिर पर छत, नहीं हो रहा। हवाई चप्पल वाले हवाई जहाज में सफर करेंगे, काला धन आएगा, काला धन वाले विदेश चले गए, पंूजीपतियों के लाखों करोड़ के लोन राईट ऑफ किए गए। सभी को 15-15 लाख मिलेंगे, किसानों की आय दोगुनी होगी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार सो-2 फार्मूले पर एमएसपी तय होगा। उल्टे भुखमरी, गरीबी, बेकारी बढ़ गई, आस्था पर चोट, चढ़ावा चोरी, पेपर लीक हो रहा, बच्चे परेशान हैं समेत अन्य मुद्दे शामिल हैं।