राजनांदगांव
मोदी की गारंटी में धोखा देने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 सितंबर। केंद्र सरकार की वादा खिलाफी व अन्य विषयों को लेकर गुरुवार को जिला व शहर कांग्रेस कमेटी ने गंभीर मुद्दों को लेकर सवाल दागे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विफलताओं, मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल में गोधरा नरसंहार, मोदी की गारंटी में छत्तीसगढ़ से धोखा देने का आरोप लगाया। इसके साथ ही कांग्रेसियों ने 43 प्रश्नों को लेकर सवाल दागे।
गुरुवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने पत्रकारवार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन सेवा संकल्प के बजाय बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादा खिलाफी दिवस, किसान धोखा दिवस के रूप में मनाएं। कांग्रेसियों ने कहा कि भाजपा द्वारा मोदी के जन्मदिन और सत्ताधीश के रूप में उनके 25 वर्ष को सेवा और समर्पण के रूप में मनाया जाना देश का सबसे बड़ा झूठ है। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में मोदी के कार्यकाल विवादों और असफलता से भरे रहे हैं। मोदी के कर्यकाल को सेवा जतन के रूप में मनाना भाजपा का जनता से क्रूर मजाक है। भाजपा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन सेवा संकल्प के बजाय बेरोजगारी दिवस, महंगाई दिवस, वादाखिलाफी दिवस, किसान दगा दिवस, अनुचित नोटबंदी दिवस, अव्यवहारिक जीएसटी दिवस, जुमला दिवस के रूप में मनाया जाना चाहिए।
कांग्रेसियों ने गिनाई विफलताएं
कांग्रेसियों ने मोदी की विफलताएं गिनाते कहा कि वादा किए थे 100 दिन में महंगाई कम होगा, नहीं हुआ। हर साल 2 करोड़ रोजगार मिलेगा, नहीं मिला। हर घर तक नल, हर सिर पर छत, नहीं हो रहा। हवाई चप्पल वाले हवाई जहाज में सफर करेंगे, काला धन आएगा, काला धन वाले विदेश चले गए, पंूजीपतियों के लाखों करोड़ के लोन राईट ऑफ किए गए। सभी को 15-15 लाख मिलेंगे, किसानों की आय दोगुनी होगी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार सो-2 फार्मूले पर एमएसपी तय होगा। उल्टे भुखमरी, गरीबी, बेकारी बढ़ गई, आस्था पर चोट, चढ़ावा चोरी, पेपर लीक हो रहा, बच्चे परेशान हैं समेत अन्य मुद्दे शामिल हैं।
मोदी के कार्यकाल में हुआ नरसंहार
कांग्रेसियों ने गुरुवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री के कार्यकाल में गोधरा कांड हुआ। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मोदी का कार्यकाल देश की जनता कभी याद नहीं करना चाहती। गोधरा के भीषण नर संहार से लेकर बेस्ट बेकरी और गुजरात के दंगे मोदी की तत्कालीन सरकार के ऊपर लगे वह धब्बे हैं, जिसे कभी धोया नहीं जा सकता। मोदी ऐसे मुख्यमंत्री रहे हैं, जिनका एक मंत्री अदालत द्वारा तड़ीपार घोषित किया गया। एक मंत्री को अदालत ने दंगों और कत्लेआम के आरोप में फांसी तक की सजा सुनाई थी, बाद में अपील में भले फैसला बदल गया, लेकिन इतना गंभीर आरोप देश के किसी मुख्यमंत्री के सरकार के मंत्रियों पर नहीं लगा।
मोदी की गारंटी में छत्तीसगढ़ से धोखा
कांग्रेसियों ने पत्रकारवार्ता में कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनता से मोदी की गारंटी के नाम पर विश्वासघात किया है। एक लाख सरकारी नौकरी का वादा पूरा नहीं हुआ, मोदी की गारंटी से वादा था 500 में रसोई गैस देने का, ढ़ाई साल में नहीं दिया। अनियमित कर्मचारियों को 100 दिन के भीतर नियमित नियमितीकरण का वादा था, नहीं किया। बिना भेदभाव के प्रत्येक विवाहित महिला को महतारी वंदन देने का वादा था, आधी महिलाओं को मिल रहा जैसे अन्य मुद्दों को कांग्रेसियों ने रखा।
जिला व शहर कांग्रेसियों ने पत्रकारवार्ता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अच्छे दिन कब आएंगे? किसके अकाउंट में 15 लाख जमा किए? महंगाई कब कम होगी? पेट्रोल-डीजल के दाम कब कम होंगे? जैसे 43 सवालों को लेकर उठाया। पत्रकारवार्ता में शहर कांगे्रस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, जिलाध्यक्ष विपिन यादव समेत पदम कोठारी, भागवत साहू, अशोक फड़़वीस, अनीस खान शामिल थे।