राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 सितंबर। चोरी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की संपत्ति और नगदी रकम व अन्य सामान बरामद किया।
मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली थानांतर्गत प्रार्थी रविशंकर देवांगन द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 5 से 9 सितंबर के बीच उनके घर में चोरी की वारदात हुई। जिसमें नगदी, सोने-चांदी के आभूषण एवं घरेलू सामान सहित लगभग 2.10 लाख की संपत्ति चोरी होना बताया गया। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 531/2026, धारा 305, 331(4) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। फुटेज के आधार पर संदेही गिरफ्तार शरीफ 55 वर्ष निवासी रामनगर पावर हाउस थाना कोतवाली राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ एवं मेमोरेण्डम कथन के आधार पर आरोपी द्वारा चोरी की वारदात करना स्वीकार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर 2 जर्मन कड़ाही, 01 पीतल की बाल्टी, 01 तांबे का गिलास एवं 60 हजार रुपए नगद बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। आरोपी को 14 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में विवेचना जारी है।
इसी तरह तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी अंतर्गत प्रार्थी नरेन्द्र देवांगन द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 12 सितंबर की रात्रि ग्राम तुमड़ीबोड़ स्थित देवांगन वॉच सेंटर का शटर उठाकर अज्ञात आरोपी दुकान में प्रवेश कर एक हजार रुपए नगद, 30 हाथ घडिय़ां एवं 10 बैग कुल कीमत लगभग 10500 रुपए को चोरी कर ले गया। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही योगेश साहू 20 वर्ष निवासी धनोरा बाजार चौक थाना पद्मनाभपुर जिला दुर्ग, हाल बघेरा थाना सिटी कोतवाली दुर्ग की पहचान की गई।
पूछताछ में उसने अपने साथी जलालुद्दीन कुरैशी 32 वर्ष निवासी बघेरा पानी टंकी के पास थाना सिटी कोतवाली दुर्ग एवं प्रेम सिंह 26 वर्ष निवासी बघेरा थाना सिटी कोतवाली दुर्ग के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की हाथ घडिय़ां, बैग, अन्य सामान एवं बची हुई नगदी बरामद कर जब्त की गई।
इसी तरह विवेचना में आरोपियों की संलिप्तता अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में भी सामने आई। इसी क्रम में ग्राम तुमड़ीबोड़ निवासी हिरामन साहू के पान ठेले का दरवाजा तोडक़र सिगरेट, पान मसाला एवं नगदी सहित लगभग 15 हजार रुपए की संपत्ति चोरी करने का मामला भी सामने आया। इस संबंध में अपराध क्रमांक 402/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस पंजीबद्ध है। पूछताछ एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।