महासमुंद पुलिस हुई ऑनलाइन
कांकेर पुलिस की शिकायत हेल्प डेस्क अभियान की तर्ज पर संवाद नाम से महासमुंद में भी लागू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 मार्च। कांकेर पुलिस के शिकायत हेल्प डेस्क अभियान की तर्ज पर संवाद नाम से महासमुंद जिले में भी इसे लागू किया जा रहा है। प्रार्थी अब पुलिस को व्हाट्सएप पर अपनी शिकायत या अवैध गतिविधियों से संबंधित गुप्त सूचना भेज सकेंगे। सूचना देने हेतु मोबाइल नंबर.9479229939 पर मैसेज करें। पुलिस के मुताबिक कोई भी ग्रीटिंग भेज कर हेल्प डेस्क में चैट की शुरुआत कर सकते हैं। ग्रीटिंग भेजते ही आटोमेटिक दो विकल्प आएगा-शिकायत दर्ज करें या अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना दे।
इसके बाद एप स्वत: शिकायतों को 10 एवं गुप्त सूचनाओं को 4 प्रकार में बांट कर सम्बंधित थानों को आबंटित करेगा।
एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडेय ने जानकारी दी है कि पुलिस और जनता के बीच संवाद को सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में कांकेर पुलिस के प्रभावी पहल को अक्षरश: महासमुंद जिले में भी लागू किया जा रहा है। कल दिनांक 18 मार्च से जनता महासमुंद जिला पुलिस को व्हाट्सप्प के जरिये अपनी कोई भी शिकायत या किसी आपराधिक गतिविधि के बारे सूचना भेज सकती है।
महासमुंद पुलिस द्वारा व्हाट्सप्प संवाद के लिए एक व्हाट्सप्प नंबर 9479229939 जारी किया जा रहा है। कोई भी सूचनाकर्ता या शिकायतकर्ता इस व्हाट्सप में मैसेज के जरिये अपनी शिकायत या फिर कोई सूचना सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेज सकते हैं। व्हाट्सप में इस प्रसारित नंबर पर नमस्कार इत्यादि लिखकर भेजने से स्वत: एक मैसेज आएगा। महासमुंद संवाद पोर्टल में आपका स्वागत है,कृपया इनमें से 1 विकल्प चुनें। अवैध शराब, जुआ या अन्य आपराधिक गतिविधि के बारे में गुप्त सूचना देने के लिए 2, शिकायत दर्ज करने के लिए, गुप्त सूचना के लिए 1 नोट करना होगा।
अगर व्हाट्सप में शिकायतकर्ता के द्वारा 2 चुना गया तो व्हाट्सप चैट बॉट शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत पत्र की एक प्रतिलिपि भेजने के लिए निर्देशित करता है। शिकायतकर्ता अपने शिकायत पत्र की फोटो या पीडीएफ भेज सकते हंै या फिर स्वयं टाइप करके व्हाट्सप में भेज सकते हैं। कृपया अपनी शिकायत पत्र की फोटो भेजें या अपनी शिकायत टाइप करके भेजें। एक से अधिक पेज हों तो एक-एक करके भेजें।
शिकायत की फोटो या पीडीएफ भेजने के बाद चैटबॉट से फोटो मिल गई, क्या आपने सम्पूर्ण शिकायत भेज दी है जैसे जवाब आएगा। बताएगा कि आपकी शिकायत दर्ज हो गई है, हम आपकी शिकायत पर कार्रवाई करेंगे। अगर व्हाट्सप में शिकायतकर्ता के द्वारा 1 चुना गया तो व्हाट्सप चैट बॉट सूचनाकर्ता को अपनी सूचना भेजने के लिए निर्देशित करता है। शिकायतकर्ता अपने सूचना की फोटो या पीडीएफ भेज सकते हैं या फिर स्वयं टाइप करके व्हाट्सप्प में भेज सकते हंै। सूचना मुख्यत: बड़ी मात्रा में शराब बनाने-बेचने संबंधी, गांजा के परिवहन एवं बिक्री संबंधी, इंजेक्शन, नशे की दवा के परिवहन एवं बिक्री संबंधी, किसी अपराधी के आने सम्बन्धी या कोई अन्य सूचना हो सकती है।
एएसपी ने लोगों से अपील की है कि आपके द्वारा दी गई जानकारी में स्थान, गांव, थाना, अपराधी का नाम और अपराध की श्रेणी के बारे में यथासंभव स्पष्ट जानकारी टाइप करके दें। येे सूचना सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय जायेगी और आपकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। मारपीट, धमकी, गालीगलौच, आपसी लेन देन, व्यापार संबंधी, महिला संबंधी, छेडख़ानी, भूमि संबंधी, चोरी, बाइक, मोबाइल, सोशल मीडिया, साइबर, अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, सामाजिक एवं पारिवारिक विवाद की सूचना भी आप बेखौफ दे सकते हैं।