महासमुन्द

रसोई गैस की किल्लत बरकार
19-Mar-2026 3:40 PM
रसोई गैस की किल्लत बरकार

 गैस एजेंसी के बाहर लगाई सूचना- ‘स्टॉक नहीं है ’से उपभोक्ता परेशान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19मार्च। रसोई गैस की किल्लत के बीच जिला प्रशासन के दावे और गैस एजेंसियों की हकीकत ने उपभोक्ता को मुश्किलें और बढ़ा दी है। प्रशासन के दावों पर भरोसा कर गैस के लिए आने वालों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि सुबह 8 बजे से लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं। दो घंटे में ही सिलेंडर खत्म हो जा रहे हैं। सुबह 11 बजे ही एजेंसियों में  ‘स्टाक नहीं है ’का नोटिस चस्पा करके ताला लगा दिया जा रहा है।

       जिले में करीब 2.86 लाख उपभोक्ता होने के बावजूद आपूर्ति मांग के अनुरूप नहीं हो पा रही है। हालात यह हैं कि कुछ लोग एक से अधिक सिलेंडर ले जा रहे हैं। जबकि कई परिवारों को एक सिलेंडर के लिए भी हप्ते तक इंतजार करना पड़ रहा है। रसोई गैस की किल्लत बरकरार है। गैस एजेंसी के बाहर लगाई सूचना- ‘स्टॉक नहीं है ’से उपभोक्ता परेशान हैं।

इधर, जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। अफ वाह के कारण लोग अधिक मांग कर रहे हैं, वहीं कामर्शियल टंकी हॉस्टल और अस्पतालों के लिए ही श्याम गैस एजेंसी के बाहर उपलब्ध करवाया जा रहा है।

गौरतलब है कि जिले में 17 गैस एजेंसी हैं और 2 लाख 86 हजार 387 कनेक्शनधारी है। इसमें उज्ज्वला के 2 लाख 4 हजार 570 कनेक्शन हैं। वहीं सामान्य के करीब 77 हजार 410 कनेक्शन हैं। जबकि कामर्शियल के 640 व अन्य के 3740 कनेक्शन हैं। इनमें महासमुंद की दो एजेंसियों में ही करीब 42 हजार कनेक्शन हैं। हर महीने औसत करीम 39.40 हजार ही रिफिल करवाते हैं। लेकिन अब अचानक मांग बढ़ गई है।


अन्य पोस्ट