महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 मार्च। अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी महासमुंद द्वारा कल बेमचा स्थित जिला जेल महासमुंद का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्राधिकरण के प्रभारी सचिव चेतना ठाकुर ने उच्च न्यायालय के द्वारा जारी आदेश के पालन में बंदियों को दी जाने वाली विधिक सहायता, जेल में स्थापित व्हीसी कक्ष, बैरकों की व्यवस्था, जेल बिल्डिंग की व्यवस्था, नए बैरकों का निर्माण,मुलाकात कक्ष, विधिक सहायता कक्ष, बंदियों को प्रदत्त सुविधाएं, टायलेट की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, बंदियों के कपड़ों की दशा, पेयजल की व्यवस्था के साथ-साथ बंदियों को दी जा रही प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था आदि का भी जायजा लिया। अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी द्वारा बंदियों से प्रत्यक्ष रूप से जेल में उनके रहन-सहन, दिए जाने वाली औपचारिक सुविधा तथा न्यायालय में लंबित उनके प्रकरण और उनके अधिवक्ता तथा उनके समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई तथा नवनिर्मित अतिरिक्त बैरकों का भी जायजा लिया गया। कमेटी के निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अक्षा गुप्ता, तहसीलदार जुगल किशोर, जेल अधीक्षक अश्विनी पूजा तिर्की, सहायक जेल अधीक्षक उदय राज गायकवाड़,एलएडीसीएस के अधिवक्ता रीना जैन, जेल चिकित्सा अधिकारी महेन्द्र चैधरी, थाना प्रथारी महासमुंद नरेन्द्र राठौर, जेल स्टाफ सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।