महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20 मार्च। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)के नगर में केशव प्रभात शाखा, आचार्य चाणक्य बस्ती, स्थान राज्य परिवहन कार्यालय बीटीआई रोड के पीछे मैदान में संघ द्वारा वर्ष प्रतिपदा हिन्दू नववर्ष उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मंचस्थ जिला संघचालक महेश चन्द्राकर, नगर संघचालक भूपेन्द्र राठौड़, प्रांत सह कार्यवाह घनश्याम सोनी, मुख्य वक्ता डॉ. विमल चोपड़ा उपस्थित थे।
आद्य सरसंघ चालक प्रणाम पश्चात ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथियों का परिचय हुआ। अमृत वचन व एकल गीत के पश्चात मुख्य वक्ता डॉ.विमल चोपड़ा ने कहा कि चैत्र शुक्ल एकम व विक्रम संवत 2083 नये वर्ष का प्रथम दिवस है। यह वर्ष प्रतिपदा नववर्ष उत्सव पूरे देश में अलग-अलग नामों से मनाया जाता है। जहां तक प्रकृति का प्रश्न है, तो प्रकृति स्वयं इस अवसर पर नूतनता के परिवेश में डूबी होती है। बसंत के बाद का सुहावना मौसम चारों ओर छाया होता है। आज ही के दिन भगवान ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना की। अपने देश में प्रचलित विक्रम संवत इसी दिन से प्रारंभ हुआ। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का राज्याभिषेक इसी दिन हुआ। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद ने आर्य समाज की स्थापना इसी दिन की। सिंध प्रांत के समाज रक्षक संत झूलेलाल का जन्म दिन भी वर्ष प्रतिपदा है। इसी दिन आसुरी शक्ति का संहार करने देवी मांं के आगमन के साथ ही नवरात्रि प्रारंभ हुई। गुरु अंगददेव का जन्म इसी दिन हुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ केशव बलिराम हेडगेवार का जन्म 1889 को इसी दिन हुआ।
श्री चोपड़ा ने कहा कि डा.ॅ हेडगेवार जन्म से ही देशभक्त रहे। देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर उन्होंने राष्ट्र को परम वैभव के शिखर पर पहुंचाने के लिये सन् 1925 को नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की व कुछ ही स्वयंसेवकों के साथ ही शाखा प्रारंभ की। शाखा के माध्यम से उन्होंने अकल्पनीय संगठन का निर्माण किया ताकि हिन्दू समाज संस्कारित व संगठित होकर आक्रमणकारियों को जवाब दे सके। डॉ.हेडगेवार ने शाखा के साथ ही भारत के स्वतंत्रता संग्राम में भाग लिया। असहयोग आंदोलन में शामिल रहे, जेल भी गये। शाखा के द्वारा व्यक्ति निर्माण के कार्य में लगे रहे। संघ प्रार्थना के साथ ही कार्यक्रम समापन की घोषणा की गई। इस अवसर पर नगर के स्वयंसेवक व नागरिक बंधु उपस्थित रहे।