महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 मार्च। जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम बेलसोंडा स्थित बिसेन फुड्स आइसक्रीम फैक्ट्री में बिना अनुमति प्रवेश कर धमकाने, गाली-गलौच करते हुए उपद्रव करने, सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कुणाल चंद्राकर, सूर्या चंद्राकर, तोमेश चंद्राकर आदि के खिलाफ बीएनएस की धारा 115-2, 296 सी, 3-5, 324-2, 332-351-3 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाच शुरू कर दी है।
फैक्ट्री संचालक नीरज बिसेन ने पुलिस को शिकायत में बताया है कि उनकी फैक्ट्री के विरूद्ध कुछ ग्रामीणों ने झूठी शिकायत की थी। जबकि फैक्ट्री में शुद्ध एवं आरओ वाटर से ही आईस्क्रीम बनाई जाती है। एक शिकायत की जांच पर 16 मार्च को राजस्व, खाद्य एवं पीएचई की संयुक्त टीम दोपहर में आई और बिना अनुमति प्रवेश किया। जांच टीम पहुंचने के तत्काल बाद कुणाल, सूर्या एवं तोमेश चंद्राकर व अन्य लोग बिना किसी प्रदर्शन की अनुमति लिये फैक्ट्री में राड, डंडा एवं तखत लेकर बलपूर्वक अवैधानिक रूप से प्रवेश कर प्रदर्शन करने लगे। मारपीट कर अश्लील गलौच दी। कहा कि नीरज बिसेन को हमारे हवाले कर दो।
श्री बिसेन ने पुलिस को बताया है कि उन्होंने शांतिपूर्वक बात करने तथा टीम को जांच करने का आग्रह किया, लेकिन वे नहीं मानें। फैक्ट्री में कार्यरत मजदूर लकी साहू, राजेन्द्र कहार से मारपीट की। लकी के गले एवं राजेंद्र के हाथ व पेट में चोट आई है। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री परिसर में मौजूद गाडिय़ों के चार्जर, उसमें रखे मोबाइल चार्जर चोरी कर ली। फैक्ट्री में आग लगाने की धमकी देते हुए बिजली का पैनल बॉक्स व ड्रेन पाइप लाइन को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने बताया कि बलवा के कारण प्रशासन की जांच टीम भी जांच नहीं कर पाई।
करीब 3 घंटे उपद्रव करने के बाद पुलिस बुलाए जाने पर उपद्रवी फैक्ट्री से लौटे।