जिला न्यायालय सहित समस्त तहसीलों में 25 खंडपीठों का गठन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,15 मार्च। शनिवार को महासमुंद जिले में भी नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महासमुंद की प्रभारी सचिव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना ठाकुर ने जानकारी दी कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद की अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में जिला न्यायालय एवं तहसील पिथौरा,े सरायपाली, बसना और बागबाहरा स्थित सिविल, श्रम न्यायालय एवं राजस्व न्यायालयों सहित 25 खण्डपीठों का गठन कर नेशनल लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का निराकरण किया गया।
जिला न्यायालय में कुटुम्ब न्यायालय के न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी, प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी, द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश आनंद बोरकर, खंडपीठों के अन्य पीठासीन अधिकारी, खंडपीठों के लिए नियुक्त सुलहकर्ता सदस्य, जिला अधिवक्ता संघ के सचिव संदीप साहू एवं अन्य अधिवक्तागण, बैंकर्स व विभिन्न विभागों के आए अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
नेशनल लोक अदालत की उक्त सभी खण्डपीठों में श्रमिक विवाद, बैंक रिकवरी प्रकरण, विद्युत एवं देयकों के अवशेष, बकाया की वसूली और राजीनामा योग्य अन्य मामले के बकाया की वसूली संबंधी प्री.लिटिगेशन मामले, राजस्व न्यायालयों से संबंधित प्रकरण सुनवाई हेतु रखे गये थे। उक्त मामलों के अलावा राजीनामा योग्य दांडिक प्रकरण, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा138 के अधीन परिवाद पर संस्थित मामले, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण संबंधी मामले, विद्युत चोरी के मामले तथा सिविल मामले भी नियत किये गये थे।
उक्त खण्डपीठों में उपरोक्त सभी मामलों की सुनवाई करते हुए जिला महासमुंद स्थित विभिन्न न्यायालयों में प्रकरणों का निराकरण किया गया। इसी प्रकार प्री.लिटिगेशन संबंधित मामलों में बैंक रिकवरी के 4 हजार 631 प्रकरणों में 30 लाख 59 हजार 870 रुपए का अवार्ड पारित किया गया। विद्युत के 14 हजार 329 प्रकरणों में 52 लाख 02 हजार 900 रुपए, श्रम प्रकरण के 41 मामलों में 16 लाख 50 हजार 400 रुपए, एमएसीटी के 27 प्रकरण में 3 करोड़ 33 लाख 75 हजार रुपए, एनआई एक्ट.138 के 30 प्रकरणों में एक करोड़ 40 लाख 25 हजार 212 रुपए तथा 231 अन्य सिविल प्रकरणों का निराकरण कर एक करोड़ 69 लाख 47 हजार 116 रुपए का अवार्ड पारित किया गया।
कल आयोजित नेशनल अदालत में जिले के सभी तहसील एवं अनुभाग क्षेत्रों के राजस्व न्यायालयों के माध्यम से 43 हजार 122 प्रकरणों का निराकरण किया गया है। इस प्रकार नेशनल लोक अदालत में सुलह एवं समझौता के आधार पर विभिन्न खंडपीडों के माध्यम से कुल 65 हजार 962 प्रकरणों का निराकरण किया गया और उनमें 07 करोड़ 54 लाख 33 हजार 398 रुपए की राशि के आवार्ड पारित किए गए।
नेशनल लोक अदालत के अवसर पर विशेष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में न्यायालयीन अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता तथा अपने प्रकरण में उपस्थित पक्षकारों, विभिन्न विभागों से आए अधिकारी-कर्मचारियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच किया गया। नेशनल लोक अदालत के सफल आयोजन में महासमुंद अधिवक्तागण एवं न्यायालय के कर्मचारियों का सहयोग प्राप्त हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय में स्थापित सभी खंडपीठों के पीठासीन अधिकारियों द्वारा उनके न्यायालय में आने वाले पक्षकारों को वृक्षारोपण करने के उद्देश्य तथा सुखद हरियाली का सर्देश देते हुए विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों को पौधा वितरण किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों द्वारा न्यायालय परिसर में अपने प्रकरणों के लिए पहुंचे पक्षकारों तथा आम नागरिकों को पौधे वितरित किए गए। पीठासीन अधिकारी अनिता डहरिया ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के 11 लंबित प्रकरणों का निराकरण करते हुए आठ मृतकों के वारिसानों एवं तीन आहतगणों के लिए कुल एक करोड़ 56 लाख 35 हजार रुपए का अवार्ड पारित किया। इस अवसर पर मृतकों के परिजनों व उनके वारिसानों एवं आहतगणों को पीठासीन अधिकारी द्वारा पौधे भेट कर वृक्षारोपण करने का संदेश दिया गया।
लोक अदालत में खंडपीठ क्रमांक.02 के समक्ष धारा 144 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत भरण-पोषण की राशि दिलाए जाने के संबंध में प्रकरण लंबित था। विविध दाण्डिक प्रकरण क्रमांक 143 के आवेदिका परिवर्तित नाम संगीता बाई पति यादराम व उनके दो नाबालिग पुत्र और पुत्री निवासी ग्राम कोसरंगी तहसील बागबाहरा का रहने वाला है। संगीता का विवाह पिथौरा तहसील के ग्राम डोंगरीपाली निवासी यादराम के साथ माह अप्रैल 2018 में हिन्दू रिति रिवाज के अनुसार हुआ था। विवाह उपरांत दोनों का दाम्पत्य जीवन ठीक चल रहा था किन्तु विवाह के 5-6 साल बाद दोनों में आपसी अनबन होने लगा। जिससे वे दोनों जून 2025 से अलग-अलग निवास कर रहे थे। जिसका प्रकरण महासमुंद कुटुम्ब न्यायालय में लंबित था। इस मामले में पीठासीन अधिकारी प्रफुल्ल कुमार सोनवानी ने समझाइश दी। पश्चात दंपत्ति एक साथ रहने के लिए सहमत हुए। इसी प्रकार व्यवहारवाद प्रकरण के वादी परिवर्तित नाम गंगाराम निषाद ग्राम शिकारीपाली तहसील बागबाहरा निवासी द्वारा धारा 09 हिन्दू विवाह अधिनियम के तहत दाम्पत्य अधिकारों की पुन:स्थापना किए जाने के संबंध में आवेदन लंबित था। वादी गंगाराम का विवाह खल्लारी निवासी सुशीला के साथ सामाजिक रीति रिवाज के साथ मार्च 2024 में हुआ था। दोनों में आपसी रिश्ते में अनबन श्होने के कारण शादी के एक वर्ष बाद दोनों अलग-अलग निवास कर रहे थे। जिसे कल लोक अदालत में कुटुम्ब न्यायालय के पीठासीन अधिकारी द्वारा सुलह का प्रयास किया गयाऔर दोनों साथ-साथ दाम्पत्य जीवन निर्वहन करने हेतु सहमत हुए।