‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 18 जून। छत्तीसगढ़ के महासमुंद और बलौदाबाजार वन्यक्षेत्रों में हाथियों की निरंतर उपस्थिति और उनके विचलन के कारण जान-माल व फसलों की क्षति का मामला सामने आ रहा है। विगत एक दशक में क्षेत्र में हाथियों की संख्या और आवागमन में वृद्धि दर्ज की गई है, जिसके समाधान के लिए हाथी कॉरिडोर के निर्माण और वनों के संरक्षण की मांग उठ रही है।
इस विषय पर वन्यप्राणी विशेषज्ञ व सेवानिवृत्त डिप्टी रेंजर रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि करीब दो दशक पहले तक इस क्षेत्र में हाथियों की सक्रियता न्यूनतम थी। पड़ोसी राज्यों (झारखंड, ओडिशा और बिहार) में खनन गतिविधियों और औद्योगिक विकास के कारण लाखों पेड़ों की कटाई से हाथियों का रहवास प्रभावित हुआ। इसके परिणामस्वरूप हाथी सीमावर्ती जंगलों से होते हुए छत्तीसगढ़ की ओर विस्थापित हुए। एक अनुमान के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न संभागों में लगभग 400 हाथी सक्रिय हैं।
श्री ठाकुर के अनुसार, छत्तीसगढ़ में भी बढ़ते जैविक दबाव, वन भूमि के पट्टों के वितरण और वनों के सिमटने के कारण हाथियों को जंगलों में पर्याप्त भोजन और पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे खेतों में खड़ी फसलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए एलीफेंट कॉरिडोर (हाथी गलियारा) बनाने और जंगलों के भीतर ही चारा-पानी की व्यवस्था सुदृढ़ करने का सुझाव दिया है।
ग्रामीणों को हाथियों के प्रभाव से बचाने के लिए वन विभाग वर्तमान में तीन-स्तरीय सुरक्षा उपाय और परामर्श अपना रहा है। विभाग द्वारा नियुक्त हाथी मित्र सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से हाथियों के वास्तविक स्थान (लोकेशन) की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाते हैं।
हाथियों द्वारा की गई जान-माल की क्षति पर विभाग मुआवजा प्रदान करता है। जनहानि की स्थिति में ?25,000 की तात्कालिक सहायता और विभागीय जांच के उपरांत शेष राशि मिलाकर कुल ?6 लाख का भुगतान किया जाता है।
ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी (घोषणा) करवाकर लोगों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और शाम के समय जंगलों की ओर न जाने की सलाह दी जा रही है।
विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि जंगलों से महुआ, तेंदूपत्ता, शहद और चार (चिरौंजी) जैसी वनोपज के संग्रहण के लिए ग्रामीणों का वनों के भीतर तक जाना भी वन्यप्राणियों के साथ सीधे टकराव का एक मुख्य कारण बनता है।
अभ्यारण्य क्षेत्र के ग्रामीण संतोष मरावी ने बताया कि हाथियों की आवाजाही से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना है। इसका एक प्रमुख कारण वन ग्रामों में पर्याप्त बिजली का न होना है। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा (सोलर सिस्टम) के तकनीकी रूप से खराब होने के कारण रात में रोशनी केवल एक से दो घंटे ही मिल पाती है। उन्होंने प्रशासन से ग्रामीणों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से बिजली आपूर्ति बहाल करने या सोलर सिस्टम को दुरुस्त करने का आग्रह किया है।
वन क्षेत्रो में जंगली हाथियों की लगातार चहल कदमी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अभ्यारण्य अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर नें बताया कि हाथी स्वभाव से शर्मीले, शांत और अत्यधिक समझदार जीव हैं। इन्हें च्ईको-सिस्टम इंजीनियरज् भी कहा जाता है, क्योंकि ये परिपक्व पेड़ों को गिराकर जंगलों में नई खाली जगह बनाते हैं, जिससे जमीन तक धूप पहुंचती है और नए घास व पौधों के उगने से हरियाली बढ़ती है। वनों में अतिक्रमण, अवैध कटाई, वनाग्नि और सडक़ों के निर्माण के कारण हाथियों के रहवास स्थल खंडित हुए हैं।
अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर ने केरल और तमिलनाडु का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां लगभग 10,000 हाथी निवास करते हैं, क्योंकि वहां की जनता ने हाथियों के साथ सह-अस्तित्व बनाना सीख लिया है। छत्तीसगढ़ पूर्व में हाथियों का गढ़ रहा है, किंतु पिछले कुछ दशकों में जब ये अस्थाई रूप से अन्य राज्यों में गए, तब इनके पुराने रहवास क्षेत्रों में मानवीय बस्तियां बस गईं। वन्यप्राणियों का प्राकृतिक व्यवहार दिन में विश्राम करने और रात्रि में सक्रिय रहने का होता है; इसमें मानवीय हस्तक्षेप होने पर वे उग्र हो जाते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि संरक्षित क्षेत्रों से गांवों का योजनाबद्ध विस्थापन करने से वन्यप्राणियों को स्वच्छंद वातावरण मिलेगा और मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व के शमन में सहायता मिलेगी।