महासमुन्द
विश्व सिकल सेल दिवस : जागरूकता और समय पर जांच से रोकी जा सकती है गंभीर बीमारी
महासमुंद,19 जून(‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। महासमुंद जिले में सिकल सेल एनीमिया की पहचान और नियंत्रण के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत अब तक लगभग साढ़े 7 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। जांच में 730 सिकल सेल रोगी और करीब 7 हजार वाहक कैरियर चिन्हित किए गए हैं।
विभाग से मिली जानकारी कते अनुसार यह स्क्रीनिंग मुख्य रूप से 0 से 40 वर्ष आयु वर्ग के लोगों की गई है। विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर यह आंकड़े जिले में बीमारी की चुनौती और उससे निपटने के प्रयासों को रेखांकित करते हैं।
गौरलतब है कि सिकल सेल एनीमिया देश के आदिवासी और वनांचल क्षेत्रों में एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या के रूप में सामने आई है। राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत देशभर में करोड़ों लोगों की जांच की जा रही है। छत्तीसगढ़ उन राज्यों में शामिल है जहां इस बीमारी का प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक है।
डाक्टर बताते हैं कि सिकल सेल एनीमिया एक आनुवांशिक रक्त विकार है। इस बीमारी में लाल रक्त कणिकाएं रेड ब्लड सेल्स सामान्य गोल आकार के बजाय हंसिए सिकल के आकार की हो जाती हैं। इसके कारण शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह प्रभावित होता है और मरीज को बार-बार दर्द, खून की कमी, कमजोरी, संक्रमण तथा अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अनुपम शर्मा के मुताबिक सिकल सेल एनीमिया का पूर्ण इलाज अभी सीमित है। लेकिन समय पर पहचान, नियमित उपचार और जागरूकता से मरीज सामान्य जीवन जी सकते हैं। यह बीमारी माता-पिता से बच्चों में आनुवांशिक रूप से पहुंचती है। यदि माता और पिता दोनों सिकल सेल वाहक हैं, तो उनके बच्चों में सिकल सेल रोग होने की संभावना बढ़ जाती है। यही कारण है कि समय पर जांच और विवाह पूर्व जागरूकता को इस बीमारी की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय माना जाता है।
डॉ. शर्मा कहते हैं कि वाहक और मरीज में अंतर होता है। सिकल सेल वाहक कैरियर वह व्यक्ति होता है जिसके शरीर में बीमारी का जीन मौजूद रहता है, लेकिन उसे सामान्यत: बीमारी के लक्षण नहीं दिखाई देते। ऐसे लोग सामान्य जीवन जी सकते हैं। वहीं सिकल सेल मरीज के शरीर में दोनों माता-पिता से दोषपूर्ण जीन पहुंचता है, जिससे बीमारी विकसित हो जाती है। ऐसे मरीजों को नियमित उपचार और चिकित्सकीय निगरानी की आवश्यकता होती है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार फरवरी 2026 तक देश के 17 प्रभावित राज्यों में 6ण्83 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इनमें 2-37 लाख से अधिक सिकल सेल रोगी और 19.32 लाख से ज्यादा वाहक चिन्हित किए गए हैं। ओडि़शा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात ऐसे राज्य हैं जहां सबसे अधिक मरीज पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग महासमुंद से मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद जिले में राष्ट्रीय सिकल सेल मिशन के तहत चिन्हित मरीजों को सिकल सेल कार्ड जारी किए जा रहे हैं। उन्हें सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क जांच, आवश्यक दवाएं, परामर्श और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। गंभीर मरीजों की लगातार मॉनिटरिंग की जाती है ताकि बीमारी से वाली जटिलताओं को कम जा सके। महासमुंद जिले में साढ़े 7 लाख की स्क्रीनिंग में 730 सिकल सेल मरीज मिले हैं वहीं 7 हजार वाहक मिले हैं।