महासमुन्द

बढ़ती महंगाई के लिए मोदी सरकार दोषी-यादव
05-Nov-2023 3:07 PM
 बढ़ती महंगाई के लिए मोदी सरकार दोषी-यादव

कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने  कहा- ईडी और आईटी के छापों से कांग्रेस नहीं डरेगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 नवंबर।
कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय यादव ने कल कांग्रेस भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि देश में बढ़ती महंगाई के लिए मोदी सरकार की अहितकारी नीतियां जिम्मेदार हैं।

उन्होंने कहा कि जबसे केंद्र में भाजपा सरकार आई है, तब से देश में महंगाई रोजाना रिकार्ड बनाती जा रही है। पेट्रोल, डीजल से लेकर रसोई गैस हो या फिर प्याज व अनाज के दाम इनके दामों पर अंकुश लगा पाने में केंद्र की भाजपा सरकार असफल हुई है।

श्री यादव ने बताया कि पार्टी के निर्देशानुसार वे यहां पार्टी और पार्टी प्रत्याशी रश्मि चंद्राकर के प्रचार के लिए पहुंचे हैं। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश के सरकारी उपक्रम बड़े उद्योगपतियों को बेच रही है। जबकि एक बेटा अपनी मां की संपत्ति को बेचता नहीं वरन बचाता है। उन्होंने ईडी और आईटी के छापों पर कहा कि कांग्रेस के लोग इससे डरने वाले नहीं है। बिना किसी प्रक्रिया का पालन किए पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय नेता श्री यादव ने कहा कि देश में जातिय जनगणना केंद्र सरकार नहीं करा रही है। इस जनगणना से सभी जातियों के डाटा मिल जाएंगे। इस अधार पर आर्थिक, राजनीतिक, शैक्षणिक तथा अन्य प्रकार की योजनाएं बनाई जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनी तो जातिय जनगणना कराई जाएगी। श्री यादव ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई घोषणाओं यथा केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा, रसोई गैस पर 5 सौ रुपए की सब्सिडी, कर्ज माफी, महिला समूहों की भी कर्ज माफी आदि की चर्चा करते हुए कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की। उनके साथ पूर्व युकांध्यक्ष केशव चंद्राकर, शहर अध्यक्ष खिलावन बघेल, संजय शर्मा, खिलावन साहू, दारा साहू, गोविंद साहू आदि उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट