जिले में पहली बार आरोपियों का नार्को टेस्ट भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 दिसंबर। सेसन कोर्ट महासमुंद ने 5 वर्ष 7 महीने 12 दिनों बाद मंगलवार की शाम 6 बजे किशनपुर में एक साथ चार हत्या के सभी पांचों आरोपियों में से प्रत्येक को चार-चार बार आजीवन कारावास की सजा सुुनाई है।
प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश लीलाधर सारथी कल समय पर न्यायालय पहुंचे थे। कक्ष में प्रवेश करते ही उन्होंने कक्ष का दरवाजा बंद कराया और फैसला सुनाते तक इस हत्याकांड की फाइल पढ़ते रहे। फैसले से महज दस मिनट पहले दरवाजा खोला और आरोपियों को बुलाया गया। दोनों पक्षों के वकील भीतर गए और मृतक चेतन के पिता बाबूलाल साहू भीतर गए। इसके बाद अभियोजन पक्ष के वकील प्रलय थीटे ने बेकसूर चार लोगों की हत्या के आरोपियों को सजा ए मौत की मांग की। न्यायाधीश लीलाधर सारथी ने सभी आरोपियों को चार-चार आजीवन कारावास की सजा दी। महासमुंद न्यायालय के इतिहास में यह पहला मौका था,जब किसी आरोपी को चार बार आजीवन कैद की सजा मिली है। इस मामले में एक आरोपी का नार्को टेस्ट हुआ है जो प्रदेश का पहला नार्को टेस्ट है।
यह मामला 30- 31 मार्च 2018 की दरमियानी रात की है। ग्राम किशनपुर में स्थित मिनी पीएचसी भवन में योगमाया नाम की एएनएम अपने दो बच्चे और पति के साथ नींद में थी। उस रात आंधी तूूफान के बाद गांव की बिजली बंद थी। अंधेरे में गांव के सरपंच समेत पांच लोगों ने छककर शराब पी और अपने-अपने हाथ में फावड़ा, टंगिया, फरसा आदि लेकर आधी रात को योगमाया के मकान में प्रवेश किया। आरोपियों के दीवार फांदकर कूदने की आवाज सुनकर योगमाया का पति चेतन नींद से जागा और आंगन में निकला। उसे देखते ही आरोपियों ने हथियार से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिया। उसके चीखने की आवज से योगमाया की नींद खुली तो वह भी आवाज की दिशा में दौड़ी। चेतन को मारने के बाद सभी आरोपी योगमाया की ओर दौड़े और उस पर कई वार किए।
इसके बाद आरोपी योगमाया के घर के भीतर घुसे। वहां रखे आलमीरे से सोने चांदी के जेवरात और नगदी निकाले। इसी वक्त उन्होंने देखा कि बिस्तर में दोनों बच्चे तन्मय 7 वर्ष, कुणाल 9 वर्ष नींद से जाग गए हैं तो उन पर भी धारदार हथियार से वार कर उनकी भी हत्या कर दी और सामान के साथ हत्या में प्रयुक्त हथियार लेकर भाग निकले।
बाहर निकलते ही सभी ने प्लान बनाया कि पुलिस को कोई भी कुछ नहीं बताएगा। यदि कोई पकड़ा गया तो वह इसकी जिम्मेदारी अकेले पर लेगा और गवाहों को पक्ष में लेकर मामला रफा-दफा कर लेंगे। फिर सभी ने हथियार और खून से सने कपड़े गांव के तालाब में फेंक दिए।
दूसरे दिन 31 मार्च की सुबह आरोपी सरपंच से ही लोगों को पता चला कि योगमाया के घर में कुछ वारदात हुआ है। गांव वालों ने जाकर देखा तो योगमाया,बच्चों व उसके पति की हत्या हुई है। घर के आंगन में, कमरे में चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था।
योगमाया के ससुर सांकरा में रहते थे, उन्हें सूचना दी गई। सूचना पाकर फोरेंसिक टीम भी यहां पहुंची थी। सभी ने देखा कि ंमृतकों के शरीर पर गंभीर चोटों के कई-कई निशान थे। कमरे के भीतर बिस्तर पर दोनों बच्चों का शव पड़ा था। सिर पर चोटें थी। लोहे का एक फावड़ा (रापा) दरवाजे के पास रखा था।
इसकी सूचना प्रार्थी बनकर आरोपी सरपंच सुरेश खुंटे ने पिथौरा थाने में दी। जांच शुरू हुई तो सुरेश खुंटे पूरे समय पुलिस को सहयोग करते रहे। हत्याकांड के छठवें दिन पुलिस को गांव की मितानिन ने पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति का हावभाव पागलों जैसा है। वह पहले ऐसा नहीं था। हो सकता है घटना में वह शामिल हो और उसके बाद वह अजीब हरकतें कर रहा हो। पुलिस ने इसके बाद धर्मेंद्र बरिहा नाम के एक व्यक्ति को पकड़ा। उसने सभी चारों की हत्या अकेले करना स्वीकार किया। उसने कहा कि योगमाया के प्रति उनकी भावना ठीक नहीं थी। इसलिए भीतर घुसा था और घटना हो गई।
पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र बरिहा के घर से लूट के कुछ सामान बरामद कर उसे जेल भेज दिया। लेकिन फोरेंसिक टीम को मिले कई सुराग कह रहे थे कि घटना में चार पांच लोग शामिल हो सकते हैं। फोरेंसिक टीम से सलाह लेकर साल भर बाद मृतक चेतन के पिता बाबूलाल साहू और साहू समाज के मुखिया की ओर से वकील प्रलय थीटे ने कोर्ट से आरोपी बरिहा के नार्को टेस्ट की मांग की। इस मांग को कोर्ट ने स्वीकार किया और नार्को टेस्ट में धर्मेंद्र ने बताया कि वारदात में उसके साथ 4 और साथी शामिल थे। आरोपियों ने चारों की हत्या के बाद जेवरात, नगदी और एलईडी तथा मोबाइल फोन लूटकर डकैती का रूप दे दिया था। आरोपी ने बताया कि सभी ने घटना की रात खूब शराब पी रखी थी। योगमाया को मारने का प्लान बनाकर सभी ने अपने-अपने घर से हथियार लाया। योगमाया का निवास गांव के बाहर था। उस रात आंधी तूफान के कारण बिजली नहीं थी। इस कारण से वारदात को अंजाम देने में कोई व्यवधान नहीं आया।
इसके बाद महासमुंद पुलिस एक्टिव हुई और धर्मेंद्र बरिहा 23 वर्ष के बयान के आधार पर सरपंच सुरेश खुंटे 32 वर्ष, गौरीशंकर 24 वर्ष, फूलसिंग यादव 26 वर्ष सभी ग्राम किशनपुर थाना पिथौरा क्षेत्र निवासी तथा अखंडल प्रधान 39 वर्ष निवासी रामपुर थाना पिथौरा को गिरफ्तार किया गया। सभी को अलग-अलग कक्ष में ले जाकर पूछताछ की गई। बयान के अनुसार हत्या में प्रयुक्त बाकी चार हथियार, खून से सने कपड़े तालाब से बरामद किए गए और आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया।
मंगलवार को इस अपराध के लिए प्रत्येक आरोपी को चार-चार बार उम्र कैद तथा 1-1 हजार रुपए अर्थदंड, भादंवि की धारा 396 डकैती के साथ हत्या के अपराध के लिए सभी को 10-10 वर्ष कैद व 1 हजार रुपए अर्थदंड तथा भादंवि की धारा 460 गृह अतिचार के अपराध के लिए प्रत्येक को 10-10 वर्ष के कठोर कारावास व 1 हजार रुपए अलग से अर्थदंड की सजा सुनाई।
इसी तरह साक्ष्य छिपाने के अपराध के लिए भादंवि की धारा 201 के तहत धर्मेंद्र बरिहा को छोडक़र अन्य चारों दोषियों को 5-5 वर्ष के कठोर कारावास व 1 हजार रुपए अर्थदंड की सजा से दंडित किया गया है। अर्थदंड न पटाने पर सभी धाराओं के तहत आरोपियों को 6-6 माह का कारावास पृथक से भुगतना होगा। प्रार्थी पक्ष बाबूलाल साहू की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता प्रलय थिटे और शासन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता भूपेन्द्र चंद्राकर ने मामले की पैरवी की।
पिता दहाड़ मारकर रोते कहते रहे-परिवार में मुखाग्नि देने वाले कोई नहीं बचा
मंगलवार सुबह से मृतक चेतन के पिता भी न्यायालय पहुंचे थे। कडक़ड़ाती ठंड में भी उन्होंने एक पतली सी कमीज बदन पर डाल रखी थी। अपनी रुमाल से बार-बार आंखें पोंछ रहा था। वह दिन भर जिस कक्ष में फैसला होना था, वहीं पर मंडराते रहा। फैसले से दस मिनट पहले उनकी मुलाकात छत्तीसगढ़ संवाददाता से हुई। वह दहाड़ मारकर रोने लगा। तब तक कोर्ट परिसर में खचाखच भीड़ हो चुकी थी। उसने बताया-मेरा बेटा-मेरी बहू, मेरे नाती सब को मार दिया। मैं अपनी पत्नी के साथ परिवार में अकेला रह गया। जब से इनकी मौत हुई है, मेरी पत्नी को लकवा मार गया है। मेरे मरने के बाद मुझे मुखाग्नि देने वाला भी कोई नहीं बचा। मेरी पूरी पीढ़ी खत्म हो गई। मैं तो पहले ही कहता था कि एक अकेला कोई भी इतने लोगों को कैसे मार सकता है। मेरी बातों को पुलिस ने कभी पुख्ता नहीं लिया। मुख्य आरोपी गांव का सरपंच ही था। उसे लगता था कि योगमाया महिला एएनएम है,उसकी ठाट है, वह गांव वालों से कैसे आगे बढ़ सकती है। इस फैसले से संतुष्ट जरूर हूं लेकिन इससे मेरे बच्चे मुझे वापस नहीं मिल सकते।
आरोपियों को सजा ए मौत की मांग
अभियोजन पक्ष के वकील प्रलय थीटे ने कहा-मैंने न्यायाधीश महोदय से सभी आरोपियों के लिए सजा ए मौत की मांग की थी। क्योंकि चार निरपराध लोगों को बिना वजह मौत के घाट उतार दिया गया। उन्हें जैसी मौत दी गई,उसकी कल्पना कोई नहीं कर सकता। इतने बड़े अपराध को अंजाम देकर उसे लंबे समय तक छिपा लेना और आराम से जीवन यापन कर लेना, यह आचरण मनुष्य समाज के लिए कतई उचित नहीं है। इस मामले को हाई कोर्ट ले जाकर आरोपियों को सजा ए मौत की मांग की जाएगी।