महासमुन्द

दस्तावेज लेखक, स्टांप विक्रेता पुराने तहसीलदार बंगले में शिफ्ट: यहां भी खुले आसमान के नीचे काम कर रहे
13-Dec-2023 2:49 PM
दस्तावेज लेखक, स्टांप विक्रेता पुराने तहसीलदार बंगले  में शिफ्ट: यहां भी खुले आसमान के नीचे काम कर रहे

कचहरी को ढहाकर जिला लायब्रेरी बनाने का काम प्रगति पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 दिसंबर।
कचहरी को ढहाकर जिला लायब्रेरी बनाने का काम प्रगति पर होने की वजह से अब यहां के तमाम नोटरी, दस्तावेज लेखक तथा स्टांप विक्रेता पुराने तहसीलदार बंगले में शिफ्ट हो गए हैं। सोमवार को यहां की साफ -सफाई के बाद मंगलवार से नोटरी अधिवक्ताओं ने यहां काम शरूकर दिया है।

गौरतलब है कि सप्ताह भर से पुरानी कचहरी को ढहाने के बाद नोटरी पोर्च की बजाए कहचरी परिसर के सायकल स्टैंड में काम कर रहे थे। लेकिन मलबा की धूल से उनहें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अत: मांग के बाद उनहें पुराना तहसीलदार बंगला में व्यवसाय करने के लिए जगह अलॉट किया गया है। इसके बाद सफाई कराकर अब यहीं नोटरी अपना काम कर रहे हैं। यहां उन्हें खुलेआसमान के नीचे काम करना पड़ रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार 2.90 करोड़ की लागत से लायब्रेरी का निर्माण कार्य सप्ताह भर पूर्व ही शुरू हो चुका है। यहां ठेकेदारों द्वारा अंग्रेजों के जमाने के बने भवनों को ढहाया गया है। फिलहाल मलबा उठाव कार्य जारी है। किसी प्रकार काम में परेशानी न हो, इसके लिए इस परिसर को चारों ओर टीन लगाकर कवर किया गया है। आसपास कोई विकल्प नहीं मिलने के बाद किलकारी गार्डन के सामने नोटरी, दस्तावेज लेखक तथा स्टांप विक्रेताओं ने शरण ली है।

वरिष्ठ अधिवक्ता एवं नोटरी माधव राव टांकसाले ने बताया कि कल यहां सफाई हुई है। और तत्काल कुल 11 नोटरी अपने पेशे पर जुट गए हैं। हालाकि यहां छांव को लेकर थोड़ी परेशानी जरुर है, लेकिन वैकल्पिक तौर पर काम करना ठीक है। छांव के लिए स्वयं से कुछ व्यवस्था करेंगे।
 


अन्य पोस्ट