मरीजों की संख्या 2 सालों में दोगुने से भी अधिक, हर माह 40-42 केस सामने आ रहे
अब स्वास्थ्य विभाग छुपे हुए कुष्ठ रोगियों की सर्वे, पहचान और उपचार केलिए तैयारियां कर रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 दिसंबर। एशिया में कुष्ठ रोगियों को लेकर पहले नंबर आने वाले महासमुंद जिले में कुष्ठ मरीजों की संख्या में लगातार इजाफ ा हो रहा है। इसे लेकर अब स्वास्थ्य विभाग छुपे हुए कुष्ठ रोगियों की सर्वे, पहचान तथा उपचार हेतु तैयारियां कर रही है। रोगियों की जानकारी तथा उनके इलाज को लेकर स्वास्थ्य विभाग योजना बना रही है।
मालूम हो कि नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में सर्वाधिक कुष्ठ रोगी होने को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कुष्ठ मुक्त राज्य बनाने के लिए हाल ही में आवश्यक निर्देश दिए थे। इसके परिपालन में अब विभाग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। कोरोना काल में 2 वर्षों तक कुष्ठ रोगियों का सर्वे प्रभावित था। फलस्वरूप अब और अधिक कुष्ठ रोगी मिलने की संभावनाएं हैं।
मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2023 में नवंबर तक कुल 484 नए मरीज मिले हैं। जानकारी के मुताबिक ये आंकड़े उनके हैं जो स्वयं चलकर अस्पताल पहुंचते हैं। लेकिन जो किसी कारणवश अपनी पहचान छुपाते हैं, उनके रिकॉर्ड नहीं मिल पाते। फलस्वरूप यह विभाग के लिए भी सिरदर्द है।
हालांकि देश में साल 1955 से कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम चल रहा है। कुष्ठ पीडि़तों पर आखिरी बार राष्ट्रीय स्तर पर 2009 में सर्वे हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक 32 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों ने कुष्ठ उन्मूलन का लक्ष्य हासिल कर लिया था। लेकिन अब यह फि र पांव पसार रहा है।
महासमुंद में मरीजों का इलाज बहु औषधि उपचार प्रणाली एमडीटी से किया जा रहा है। गांवों और शहरों की मितानिनों को भी कुष्ठ उन्मूलन के लिए काम में लगाया जा रहा है। उन्हेंं कुष्ठ के संभावित मरीजों की पहचान करने तथैा निकटवर्ती सरकारी अस्पताल तक लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
इस वक्त महासमुंद ब्लॉक की कुल आबादी 2 लाख 27 हजार 88 है और यहां 88 नए मरीज मिले हैं। प्रसार दर इनमें से प्रति 10 हजार पर 2.69, बागबाहरा में कुल 2 लाख 51 हजार 540 पर नये मरीजों की संख्या 49 है जो प्रति 10 हजार के पीछे प्रसार दर 1.95, पिथौरा में कुल 2 लाख 63 हजार 110 आबादी में नये मरीज 132 हैं जो कि प्रति 10 हजार के पीछे 5.02 है।
इसी तरह बसना में कुल 2 लाख 23 हजार 229 लोगों के बीच 120 नये मरीज मिले हैं जो प्रति दस हजार के बीच प्रसार दर 5.38 है। वहीं सरायपाली में 2 लाख 30 हजार 638 लोगों के बीच 95 नये मरीज मिले हैं जो प्रति 10 हजार के बीच प्रसार दर 4.12 है। इस तरह कुल 12 लाख 95 हजार 605 लोगों के बीच कुल 458 नये मरीज मिले हैं। प्रति 10 हजार लेगों के बीच औसत प्रसार दर 3.74 है।
बताया जा रहा है जिले में कुष्ठ रोगियों की तादात महज 2 वर्षों में ही दोगुना से भी अधिक हो चुकी है जो चिंता का विषय है। हालांकि अब हाथ पैर गलने वाली जैसी स्थिति सामने नहीं आ रही, लेकिन महासमुंद जिले में 10 हजार में 3.74 पीआर दर यानी प्रसार दर है । इनमें बसना सबसे आगे है, जहां प्रसार दर5.38 है। इधर जिले में प्रतिमाह 40 से 42 केस सामने आ रहे हैं। इस तरह महासमुंद जिला जहां एक ओर मलेरिया और फाइलेरिया मुक्ति के कगार पर है वहीं यहां कुष्ठ बढ़ रहा है।
डॉ. वी. पी. सिंह,जिला कुष्ठ अधिकारी कहते हैं कि कुष्ठ रोग बैक्टीरिया माइकोबैक्टीरियम लेप्री के कारण होता है। बैक्टीरिया कुष्ठ रोग वाले लोगों के साथ लंबे संपर्क से फैलता है। आपको कुष्ठ रोग केवल लापरवाही से छूने या बीमारी वाले किसी व्यक्ति के पास से गुजरने से नहीं होता है। लेकिन अब कुष्ठ साध्य है। महज 12 से 13 माह तक दवाओं का सेवन करने से मरीज रोग मुक्त हो जाता है।