‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 नवंबर। जिले के सांकरा क्षेत्र के किसानों ने गौरिया में किसान बइठका का आयोजन किया, जिसमें महासमुंद जिला पंचायत सदस्य एवं किसान नेता जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर, भारतीय किसान यूनियन टिकैत के प्रदेश महासचिव तेजराम विद्रोही,पवन चन्द्राकर, प्रवीण चन्द्राकर एवं पंकज चन्द्राकर की उपस्थिति और अजय साहू किसान गौरिया की अध्यक्षता में कई बिंदुओं पर चर्चा की गई।
उक्त बैठक में कहा गया कि राज्य सरकार की कलेक्टरों के माध्यम से रबी फसल में धान बोने को लेकर गुमराह करने वाली आदेश के विरोध में खासी नाराजगी किसानों के बीच में बना हुआ है। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य में धान खरीदी पंद्रह दिन देरी के साथ 14 नवम्बर से शुरू हुई है लेकिन केंद्र सरकार द्वारा धान की न्यूनतम समर्थन मूल्य में 117 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी को किसानों को देने में भाजपा सरकार की नियत में खोट दिखाई दे रही है।
किसान नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की नीति और नियत किसान हितैषी दिखाई नहीं दे रही है। वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य में धान खरीदी 14 नवम्बर से शुरू हो गई है जो 31 जनवरी तक जारी रहेगी। इस बीच 15 दिन देरी हुई है जिससे किसानों को अपनी फसल बेचने में असुविधा होगी और दो व तीन टोकन में बेचने का दबाव भी रहेगा। इसलिए टोकन की संख्या और खरीदी की अवधि को बढ़ाया जाना चाहिए। साथ ही धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य राज्य सरकार की 3100 रुपए और केन्द्र सरकार की बढ़ी हुई कीमत 117 रुपए जोडक़र 3217 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और एकमुश्त भुगतान होगी, यह भी सुनिश्चित करना चाहिए।
किसानों ने कहा कि पिछले सरकार की कैबिनेट में पारित राजीव गांधी किसान न्याय योजना की बकाया एक किस्त को किसानों को दिया जाना चाहिए। बैठक में सात सूत्रीय प्रस्ताव पारित किया गया है जिसमें कहा है कि रबी फसल धान बोनी पर प्रतिबंध हटाने, रबी फसल धान न बोने वाले किसानों को बीस हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि देने, सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी लागू करने, जोंक नदी परियोजना चालू करने, सिकासार जलाशय से महासमुंद क्षेत्र में सिंचाई सुनिश्चित करने जैसी मांगों पर मुहर लगाई गई है।
उक्त बैठक में सांकरा, बसना, पिथौरा, सरायपाली क्षेत्र से सुरेश रेवता,कलेक्शन पटेल, नरोत्तम साहू, टिकेश्वर प्रधान, ब्रजेश, मोतीलाल भोई, मुरलीधर, मदन प्रधान, महेंद्र बांक, राजेश पटेल, परमजीत सिंह, हरिशंकर नायक, मेघनाथ पटेल, सुमेन पटेल, प्रशांत प्रधान, उत्तर कुमार प्रधान,जगुनलाल नागेश,मिथलेश सहित गौरिया, सांकरा, खम्हारी, साजपाली, दुमरपाली,सहूडीपा, बामराडिह, लारिपुर, कोडाडिपा, बिछिया, बड़े लोरम, छतामोहा, बिजेपुर, बगारदारहा, नानकसागर, मतिदारहा, रिखादादार, लमकसा, जमहर, भगत देवरी, सपोस, रेमड़ा, बेल्डीह, कुरमाडीह, पडक़ीपाली, सलडीह, सल्हेतराई, लिमगांव, नारायणपुर, लाटा दादर, श्रीरामपुर, जाड़ामुडा, भतकुंडा, लीलेसर, सिंगारपुर, ढाबाखार, देवलगढ़, पिपरौद, बरगांव, राजपुर, डुडुमचुवा, भिखापाली, मोहगांव, गोपालपुर से हजारों की संख्या में किसान शामिल हुए।