महासमुन्द

हत्या की सूचना देने वृद्धा थाने पहुंची, और फिर... बाद में पता चला कि वह मानसिक बीमार
18-Nov-2024 2:57 PM
हत्या की सूचना देने वृद्धा थाने पहुंची,  और फिर... बाद में पता चला कि वह मानसिक बीमार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 18 नवंबर। महासमुंद कोतवाली में परसों शनिवार अपरान्ह लगभग तीन बजे नाटी कद काठी, सांवली रंग रूप की एक वृद्ध महिला आई। वह कांप रही थी। लगातार कह रही थी कि उनके घर के पटाव में कुछ लोगों ने एक अनजान व्यक्ति को मार दिया है।

पहले तो भीड़ ने उस अनजान व्यक्ति को उनके घर के सामने बहुत पीटा। उसके मुंह से, शरीर से खून बहने लगा। वह अचेत हो गया तो दो तीन लोगों ने उसे उठाकर पटाव में डाल दिया। किसने मारा, किसकी हत्या हुई ऐसे सवालों पर सिर्फ यही कहती रही कि घर जाकर देख लो। उस वक्त कोतवाली थानेदार शहर गश्त पर थे। कोतवाली परिसर में काफी भीड़ थी। दिवस अफसर एक-एक कर मामला निपटा रहे थे। इसी बीच किसान नेता जुगनू चंद्राकर का दिवस अधिकारी से विवाद भी हुआ कि पहले उक्त महिला की बातें सुन ली जाएं। थोड़ी देर बाद श्री चंद्राकर कोतवाली से चले गये। अब वृद्धा से पूछताछ शुरू हुई।

एक-एक कर अनेक पुलिसवालों ने उनका बयान लिया और वृद्धा के घर का लोकेशन लेकर जवानों को अलर्ट कर दिया। अब कोतवाली में ऐसा माहौल पैदा हो गया कि किसी की हत्या हुई है। वृद्धा लगातार कहती रही कि मुझे बेहद डर लग रहा है कि मेरे घर के पटाव में किसी ने एक व्यक्ति को मारकर रख दिया है। मृतक कैसा दिखता है पूछने पर वह कहती कि वह टीवी चलाता है, उसका मुंह कपड़े से ढंक दिया है। कभी कहती कि सांसें उसकी चल रही होगी चलकर देख लो। वह अपना नाम भी नहीं बता रही थी लेकिन हर पुलिस वाले से अपने घर चलने की जिद कर रही थी।

पूरे दो घंटे वृद्धा पुलिस को एक ही बात कहती ही कि उसके घर में किसी की हत्या हुई है। लेकिन पुलिस अब भी उनकी बातों को पूरी तरह यकीन नहीं कर ही थी और घर का पता, मृतक का हुलिया और मारने वाले के बारे में पूछताछ कर रही थी। साथ ही शहर के चारों तरफ मेन पाइंट पर हत्या के पता लगा रही थी लेकिन कहीं भी इस तरह के वारदात का पता नहीं चल पा रहा था।

डेली डीएसआर पता करने पहुंचे ‘छत्तीसगढ़’ के पूछने पर उसने अपने निवास का पता बताया कि मलेरिया आफिस के पास ही उनका घर है। यह भी कहा कि अभी तक पुलिस वाले मेरे घर जाकर जांच नहीं कर रहे हैं, आप ही जाकर देख आओ। घर में मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं, मेरे पति काम के सिलसिले में गये हैं। लौटेंंगे तो लफड़ा होगा। इस पर पत्रकार ने कहा कि इस उम्र में छोटे बच्चे और पति काम पर कैसे?

वृद्धा के ऐसे कहने से कोतवाली में उपस्थित सभी लोगों का दिमाग ठिकाने आया। पूछा कि आप तो उम्रदराज हैं और आपका हुलिया सुहागन जैसा नहीं है। तो वृद्धा ने कहा कि मैं सही कह रही हूं कि मेरे पति बाहर हैं। तब तक वृद्धा के घर रवाना होने के लिए पुलिस की एक टीम तैयार थी।

पुलिस ने मलेरिया आफिस के पास स्थित अंकित मोबाइल के संचालक अशोक साहू चंदूलाल साहू से वृद्धा के बारे में पूछा कि कौन है तो उन्होंने वृद्धा के नाम सहित उसका पता बताया और कहा कि वह दिमागी रूप से असंतुलित है। घर में बहुओं और नाती लोगों के साथ रहती है। पता नहीं कैसे थाने पहुंच गई। इसके बाद पुलिस के जवानों ने वृद्धा को अपनी वाहन से सुरक्षित उसके घर को भेजा। कोतवाली पुलिस का कहना है कि बच्चे टीवी पर आजकल ऐसे ही कुछ देखते रहते हैं तो वृद्धा उसे सच समझी होंगी।


अन्य पोस्ट