महासमुन्द

मौसम ने करवट ली, बुखार, सर्दी-खासी के मरीज बढ़े
18-Nov-2024 2:30 PM
मौसम ने करवट ली, बुखार, सर्दी-खासी के मरीज बढ़े

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 18 नवंबर। ठंड बढऩे के साथ ही अब शहर सहित अंचल में विंटर फीवर वायरल इन्फेक्शन के मरीजों में इजाफा होने लगा है। फलस्वरूप शासकीय अस्पतालों, निजी अस्पतालों में ओपीडी बढ़ गई है। अंचल में वायरल इन्फेक्शन कहर बरपा रहा है। लोग बुखार, सर्दी, खांसी, शरीर में दर्द से पीडि़त हो रहे हैं। इन दिनों मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल सहित जिले के सभी प्राथमिक तथा सामुदायिक चिकित्सालयों में मरीजों की संख्या में एकाएक इजाफा हुआ है। शहर में लगभग हर घरों में कोई ना कोई वायरल इन्फेक्शन से जूझ रहा है। सहित आसपास के क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से अचानक मौसम में बदलाव से जहां दिन में सूर्य की गर्मी से लोग परेशान हैं तो सुबह कोहरा तथा रात में ठंड लोगों को परेशान कर रही। इस अजीबोगरीब मौसम ने लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाला है।

कहा जा रहा है कि इस बार ठंड भले ही विलंब से शुरू हुई है। लेकिन इस माह के अंतिम सप्ताह से ही ठंड कहर बरपाने वाली है। दिसंबर माह से शहर सहित अंचल हाड़ कंपाने वाली ठंड की चपेट में रहेगा। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवा की वजह से इस बार ठंड का प्रभाव ज्यादा होगा। अभी देवउठनी के बाद से ठंड में एकाएक इजाफा हुआ है। इससे सबसे ज्यादा बच्चे व वृद्ध प्रभावित हुए हैं।

जिले के निजी व शासकीय अस्पतालों में मरीजों की भीड़ देखने को मिल रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि मौसम बदलने से लोग वायरल से पीडि़त हो रहे हैं। यह एक व्यक्ति से दूसरे में बहुत जल्दी फैलता है। इसके कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। तीन से चार दिनों तक सर्दी, खांसी, बुखार होने पर खुद से दवा लेने के बजाय डॉक्टरों को जरूर दिखाएं। मेडिकल कॉलेज से मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े हैं। शुरुआत में किसी-किसी मरीज को तेज बुखार आ रहा है। ऐसे मरीजों को ठीक होने में

अधिकतम पांच दिन लग रहा है। इंफेक्शन वाले बच्चे बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिन्हें पहले से निमोनिया है, उन्हें फिर से इसका अटैक हो रहा है। फेफड़े में इंफेक्शन वाले बच्चे भी सामने आ रहे हैं। ऐसे बच्चों के सीने में तकलीफ की शिकायत मिल रही है। इन बच्चों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट