होटल-ढाबे-लॉज में स्पेशल टास्क फोर्स की दबिश जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मई। बंगलादेश और और म्यांमार से आ रहे अवैध प्रवासियों की खोज महासमुंद जिला पुलिस ने शुरू कर दी है। इसके लिए गृह मंत्रालय के निर्देश पर गठित स्पेशल टॉस्क फ ोर्स एसटीएफ तलाशी अभियान में जुट गया है। होटल, ढाबे और लॉज के साथ किरायेदारों को परखा जा रहा है। साथ में किरायेदार रखने वालें मकान मालिकों को हिदायत दी जा रही है।
मालूम हो कि हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बांग्लादेश और म्यांमार से आ रहे अवैध अप्रवासियों को खोज निकालने के लिए सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों को तत्संबंध में सख्त निर्देश जारी किए थे। इनमें ऐसे लोगों की तलाश कर पहचान करने तथा भारतीय नागरिकता बताने वाले इनके दस्तावेजों की जांच 30 दिन के भीतर करने के लिए कहा गया है। अनेक शहरों में ऐसे अवैध प्रवासी पाए गए हैं।
गृह मंत्रालय से मिले निर्देशों के मुताबिक जिले भर में सघन जांच कर संदिग्धों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। अवैध अप्रवासियों को अस्थाई तौर पर रखने के लिए कोतवाली महासमुंद में जिला स्तरीय होल्डिंग सेंटर बनाया गया है। विशेष जांचं दल जिले भर में सक्रिय हैं।
कुछ माह पूर्व जिले में हुई एक बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने जिन आरोपियों को दबोचा था, उनमें कुछ बंगलादेशी थे। वे चोरी-छिपे बार्डर पार कर भारत में घुसे थे और गैर कानूनी गतिविधियों में संलिप्त थे। इस घटना के बाद ताजा निर्देशों के चलते जिला पुलिस सतर्क है। इसी तारतम्य में जिले में स्पेशल टॉस्क फोर्स एसटीएफ का गठन कर लिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडे इसकी नोडल अधिकारी है। उनके अलावा 10 सदस्यीय दल में पिथौरा, बागबाहरा, सरायपाली, महासमुंद के एसडीओपी, सहायक नोडल अधिकारी के रूप में शामिल किए गए हैं। दल में जिला विशेष शाखा प्रभारी निरीक्षक इंद्रभूषण सिंह, थाना प्रभारी महासमुंद निरीक्षक शरद दुबे, उप निरीक्षक नंदकिशोर सिन्हा सरायपाली, प्रधान आरक्षक मीनेश ध्रुव, सायबर सेल आरक्षक कमल जांगड़े थाना बसना भी शामिल हैं।