महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 22 मई। बुधवार को विकासखण्ड के ग्राम सपोस में आयोजित समाधान शिविर में जिला पंचायत सीईओ के नहीं आने से लाखागढ़ ग्राम पंचायत की महिलाओं द्वारा चूड़ी भेंट करने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। शिविर में उपस्थित एसडीएम एवं तहसीलदार ने स्थिति संभाली। जिससे आंदोलनकारी महिलाएं तत्काल आंदोलन स्थगित करने तैयार हो गई। महिलाओं के अनुसार स्थानीय एसडीएम द्वारा कलेक्टर से बात कर जल्द ही गड़बड़ी के मामले में कार्रवाई की बात कही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिला पंचायत सीईओ द्वारा कलेक्टर के निर्देश के बाद भी लाखगढ़ के गौठांन मामले में कार्रवाई करने की बजाय मामला ही नस्तीबद्ध करने के प्रयास की जानकारी लाखागढ़ की शिकायतकर्ताओं को मिली थी, जिस पर आक्रोशित महिलाओं ने कलेक्टर से मुख्यमंत्री तक मामले की शिकायत कर सपोस शिविर में जिला पंचायत सीईओ को चूड़ी और श्रृंगार सामग्री भेंट करने की घोषणा की थी।
कल नियत समय में लाखागढ़ की महिलाएं शिविर में पहुंच भी गयी थी। परन्तु महिलाओं की घोषणा के चलते शिविर में मौजूद भारी पुलिस बल ने महिलाओं को बाहर ही रोक लिया, इसके बाद महिलाओं से चर्चा करने एसडीएम ओम्कारेश्वर सिंह एवं तहसीलदार नितिन ठाकुर पहुंचे। दोनों अफसरों ने आंदोलनकारी महिलाओं को समझाया और वहीं से एसडीएम ने फोन से कलेक्टर से बात की।
ग्रामीणों के अनुसार कलेक्टर साहब ने बताया कि अपराध दर्ज करने के लिए निर्देश दिए है।।उसके बाद जिला सीईओ से एसडीएम ने बात की और बताया कि 2 -3दिन में अपराध दर्ज किया जाएगा। इसके बाद महिलाओं ने उक्त सम्बन्ध में एसडीएम को गोठान एवं गोधन न्याय योजना घोटाला का दिया। आंदोलन में पुनिया बाई, गीता बंजारे, जैनाफ कोसरिया सहित लगभग 50-60 ग्रामवासी उपस्थित थे।
3895 में 3857 प्रकरण निपटाए गए
सपोस शिविर में कुल 15 ग्राम पंचायतों से समस्याओ के 3895 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें 38 प्रकरण छोड़ कर सभी का निराकरण कर दिया गया है। कार्यक्रम में बसना विधायक संपत अग्रवाल एवं जनपद अध्यक्ष उषा पुरषोत्तम घृतलहरे सहित जनप्रतिनिधि एवं सभी विभागों के अफसर कर्मी उपस्थित थे। शिविर में जिला सीईओ की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही।
कार्रवाई नहीं हुई तो पुन: आंदोलन - पुनिया
पुनिया ने बताया कि एसडीएम के आश्वासन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई तो अब महिलाएं जिला सीईओ के पिथौरा प्रवास के दौरान ही उन्हें चूड़ी भेंट करेंगी।