महासमुन्द

तीन म्यूल खातों में डेढ़ करोड़ का ट्रांजेक्शन
23-May-2025 2:58 PM
तीन म्यूल खातों में डेढ़ करोड़ का ट्रांजेक्शन

किराये पर बैंक खाता मुहैया कराने वाले 3 को जेल, 3 और म्यूल खातों की जांच शुरू

महासमुंद में पहली बार आया म्यूल खाते जैसा मामला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 मई। देश भर में म्यूल एकाउंट की पड़ताल के बीच महासमुंद में भी कोतवाली पुलिस ने कल कुल 6 म्यूल खाते पकड़े हैं। केनरा बैंक के 5 और बैंक ऑफ बड़ौदा का 1, मिलाकर कुल 6 खाता नंबरों के खिलाफ  एफआईआर कर जांच शुरू की गई है। इन सभी खातों का संचालन दिल्ली से कोई अज्ञात व्यक्ति करता रहा है। इनमें से एक रविन्दर चावला पिता ज्ञान सिंह चावला के खाते में 97 लाख रुपयों का ट्रांजेक्शन हुआ है। समन्वय पोर्टल के जरिये मिले इनपुट के आधार पर कोतवाली पुलिस ने रविन्दर पिता ज्ञान सिंह चावला 54 वर्ष मकान नंबर.331, पंजाबी पारा महासमुंद, दीपक तिलवानी पिता सुदामा लाल 35 वर्ष महावीर नगर आजाद नगर कॉलोनी रायपुर तथा महेश पिता रघुनाथ जयेश 60 वर्ष गुरूद्वारा के पीछे महासमुंद के खातों की जांच की।

जांच में इन खातों में हुए लाखों के ट्रांजेक्शन देखकर पुलिस को माजरा समझ में आ गया। जांच आगे बढ़ी तो इन तीनों के खाते में डेढ़ करोड़ रुपयों का ट्रांजेक्शन अल्प समय में होना पाया गया। सबसे ज्यादा 97 लाख का ट्रांजेक्शन रविन्दर चावला के खाते में पाया गया।

कोतवाली प्रभारी शरद दुबे ने बताया कि तीनों के खातों में डेढ़ करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है। इनके अलावा 3 और बैंक खातों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बैंक खाता खोलकर पास बुक, एटीएम कार्ड, बार कोड और ऑनलाइन बैंकिंग के लिये जरूरी पासवर्ड आदि सामने वाले तक किसी मध्यस्थ के जरिये पहुंचा दी जाती है। फिर इस खाते का उपयोग संबंधित व्यक्ति गैर कानूनी तरीके से आने वाले रुपयों के ट्रांजेक्शन के लिये करता है।

श्री दुबे के मुताबिक इसके एवज में 15 हजार रुपए किराया के रूप में वास्तविक खाता धारक को मिलते हैं। यह राशि भी अलग-अलग माध्यम से इन तक पहुंच जाती है। तीनों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस की तफ्तीश आगे बढ़ रही है। इनमें से कुछ के म्यूल एकाउंट रायपुर के बैंकों में हैं।

 

मालूम हो कि म्यूल एकाउंटस खच्चर खाता का इस्तेमाल करने वाले अपराधी तत्व बैंकिंग सिस्टम के जरिये गैरकानूनी पैसों को ट्रांसफर करते हैं। खासतौर पर साइबर ठगी, मनी लॉन्ड्रिंग, टैक्स चोरी, डिजिटल किराये पर खाता लेकर, धोखाधड़ी से मिली राशि को म्यूल खातों में रखा जाता है। किसी थर्ड पर्सन के नाम से खाता होता है उसे एक बड़ी राशि खाते के किराये के रूप में दी जाती है। इन खातों में आपराधिक गतिविधियों से मिली राशि को रखने के ऐसे खाते खोले जाते हैं। इसका संचालन कोई और करता है।

बहरहाल मामले की गंभीरता को देखते हुये पुलिस ने तीनों को बुलाकर पूछताछ शुरू की। तीनों ने उनके बैंक खाते में लाखों रुपए के ट्रांजेक्शन होने के प्रति अनभिज्ञता जाहिर की। पुलिस ने केनरा बैंक के 5 और बैंक ऑफ बड़ौदा का 1 खाताधारक के विरूद्ध बीएनएस की धारा 317-2, 317-4, 300, 18, 4, 61-2,111 के तहत 20 मई 2025 को अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की है। कल गुरुवार को तीन आरोपयिों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि तीनों इसी तरह के मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं।


अन्य पोस्ट